जर्जर बिजली तार और ट्रांसफार्मर से लगी भीषण आग, 10 बीघा फसल जलकर खाक, लाखों का नुकसान
- सहारनपुर में गांव मानकमऊ में गेहूं के खेत में लगी आग।
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्रांतर्गत गांव मानकमऊ में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक खेत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और लगभग 10 बीघा खेत में खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
बताया जाता है कि आग लगने का कारण खेत के ऊपर से गुजर रहे जर्जर बिजली के तार एवं ट्रांसफार्मर के कारण यह हादसा हुआ है। थाना कुतुबशेर क्षेत्रान्र्तगत गांव मानकमऊ निवासी आशीष पुत्र महिपाल के खेत में आज अचानक ही भीषण आग लग गयी, आग लगने का कारण खेत के ऊपर से गुजर रहे जर्जर बिजली के तार एवं ट्रांसफार्मर को बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बिजली के तारों से निकली चिंगारी ने सूखी फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया।
सूचना मिलते ही 112 थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक किसान को लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर तार और ट्रांसफार्मर की समस्या बनी हुई है, जिसकी कई बार शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित किसान आशीष ने प्रशासन से मुआवजे की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन से जल्द से जल्द जर्जर बिजली लाइन को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
