घेर में सो रहे बुजुर्ग पर चाकू से किए ताबड़तोड़ वार, गंभीर घायल, रेफर
देवबंद। मिरगपुर गांव में घेर में सो रहे मगन चौधरी (70) पर एक व्यक्ति ने जानलेवा हमला करते हुए चाकू से गर्दन पर ताबड़तोड़ कई वार किए। इसमें बुजुर्ग गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें परिजनों ने उत्तराखंड के एक हॉस्पिटल में भर्ती कराया हुआ है। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे व्यक्ति का ऊंची दीवार कूदने के चलते एक पैर टूट गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
मिरगपुर गांव निवासी जोगिंद्र चौधरी ने कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि मंगलवार की रात करीब ढ़ाई बजे पिता मगन सिंह घेर में सो रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति दीवार कूदकर अंदर घुस गया और जान से मारने की नीयत से पिता की गर्दन पर चाकू से कई वार किए। जिसमें वह घायल हो गए। इस दौरान शोर मचाने पर घेर में ही सो रहा नौकर जाग गया। जिसके चलते हमलावर घेर की ऊंची दीवार कूदकर फरार होने लगा। लेकिन इसमें उसका एक पैर टूट गया और जंगल में छुप गया। नौकरी से जानकारी मिलने पर पिता को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन नाजुक हालत के चलते उन्हें रेफर कर दिया। परिजनों ने मगन चौधरी को उत्तराखंड के रुड़की स्थित अस्पताल में भर्ती कराया हुआ है। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने खेत में छुपे तल्हेड़ी बुजुर्ग निवासी हमलावर सोनू को गिरफ्तार कर लिया। जिसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है। सीओ शैलेंद्र कुमार गौतम का कहना है कि हमलावर चोरी के उद्देश्य से घेर में घुसा था।
