भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बाद ही शुरू होता है रचनात्मक कार्य: प्रदीप चौधरी

भगवान विश्वकर्मा की पूजा के बाद ही शुरू होता है रचनात्मक कार्य: प्रदीप चौधरी
विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर नकुड़ स्थित विश्वकर्मा मंदिर में उपस्थित अतिथि।

नकुड़, 17 सितंबर। इंद्रेश। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर नकुड़ स्थित विश्वकर्मा मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान यज्ञ-हवन कर भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व सांसद प्रदीप चौधरी ने भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि और निर्माण का देवता बताते हुए कहा कि सनातन परंपरा में किसी भी रचनात्मक कार्य की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा के पूजन के बाद ही की जाती है।

पूर्व सांसद ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा विश्व के रचयिता हैं। घर हो या सड़क, पुल हो या संसद भवन—किसी भी निर्माण कार्य से पहले भगवान विश्वकर्मा का स्मरण और पूजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज भगवान विश्वकर्मा की निर्माण परंपरा का उत्तराधिकारी है और समाज ने सदैव सनातन संस्कृति को नव निर्माण का संदेश दिया है।

क्षेत्रीय विधायक मुकेश चौधरी के भ्राता विकेश चौधरी ने कहा कि विश्वकर्मा समाज के योगदान के बिना हिंदू समाज अधूरा है। इस समाज ने संसार को निर्माण और शिल्प के नियमों से परिचित कराया है। उन्होंने नकुड़ स्थित विश्वकर्मा मंदिर के विकास के लिए 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।

पालिकाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता ने कहा कि विकास का प्रत्येक कार्य भगवान विश्वकर्मा के आशीर्वाद से पूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को आदि सृष्टि से लेकर आज तक विश्व निर्माण में उनके योगदान के लिए स्मरण किया जाता है। हालांकि, केवल जयंती मनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इस अवसर पर समाज को आत्ममंथन भी करना चाहिए, जिससे सकारात्मक विचार और नई दिशा सामने आ सके।

कार्यक्रम से पूर्व मंदिर परिसर में यज्ञ-हवन का आयोजन किया गया और भगवान विश्वकर्मा का विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद नगर के विश्वकर्मा चौक स्थित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना की गई।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुभाष चौधरी ने विश्वकर्मा समाज को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में संजीव चौधरी, संदीप धीमान, मांगेराम, सत्यपाल धीमान, जयप्रकाश धीमान, रामपाल धीमान सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर नकुड़ स्थित विश्वकर्मा मंदिर में उपस्थित  श्रद्धालु।

Leave a Reply