प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान शुरू
नकुड़, 17 सितंबर। इंद्रेश। नगर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए और सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई।
नगर के केएलजीएम इंटर कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने उनके चित्र के समक्ष केक काटकर जन्मदिन मनाया। इसके साथ ही कैडेट्स ने सेवा को अपना संकल्प बनाने की शपथ ली। प्रधानाचार्य एवं एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन गौरव मिश्रा ने कहा कि कैडेट्स को सेवा भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर समाज और देश के हित में कार्य करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत एक माह तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सामाजिक सेवा, स्वच्छता और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों में एनसीसी कैडेट्स भाग लेंगे। 86 यूपी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अंशुल वर्मा तथा एडम कर्नल मयंक धस्माना ने भी कैडेट्स को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
वहीं, नगर पालिका परिषद की ओर से भी सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर नगर पालिका परिसर को आकर्षक लाइटिंग से सजाया गया। तहसील भवन पर भी रोशनी कर सजावट की गई।
पालिकाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता एवं नगर पालिका के अधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान चलाते हुए झाड़ू लगाई और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
