जनक बाजार एसोसिएशन के 44वें वार्षिकोत्सव पर भव्य भगवती जागरण
नकुड़, 17 सितंबर। इंद्रेश। जनक बाजार एसोसिएशन की ओर से 44वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल मां भगवती जागरण का आयोजन किया गया। जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां भगवती का आशीर्वाद लिया। भजन गायकों ने भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा।
भगवती जागरण का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक मुकेश चौधरी एवं पालिकाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता ने किया। भजन गायिका हिमांशी कौशल ने ‘जो वृंदावन जाते हैं, वहीं के हो जाते हैं’, ‘स्वर देती हैं मां सरस्वती’ और ‘बेटियां क्यों पराई’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
वहीं राजेश भारती, शिव गर्ग एवं किशोर राठौड़ ने ‘हारे का सहारा मेरा श्याम धनी’, ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ तथा ‘साथी हमारा कौन बनेगा, ना सुनोगी तो कौन सुनेगा’ जैसे भजनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते और जयकारे लगाते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों को मां भगवती की छवि भेंट कर सम्मानित किया गया। जागरण के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए लंगर का आयोजन भी किया गया।
इस अवसर पर राजन शर्मा, संदीप दीक्षित, मनोज गोयल, पंकज जैन, प्रदीप सिंघल, नीरज नामदेव, विजय त्यागी, रजनीश अग्रवाल, नवीन रोहिला, आयुष गर्ग, सचिन राणा, नीटू राणा, संजच राणा, जोगिंद्र राणा, नवदीप मित्तल, आशु भारद्वाज, सोहित मित्तल, प्रवीण सर्राफ आदि मौजूद रहे।
