जिला उद्योग केंद्र में मनाया गया विश्वकर्मा दिवस, लाभार्थियों को बांटी गई टूलकिट
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के निकट वुड क्राफ्ट डिजाइन एवं डेवलपमेंट सोसाइटी के हॉल में विश्वकर्मा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर डॉ. अजय कुमार और नगर विधायक राजीव गुम्बर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत रोजगार एवं प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इस दौरान योजना के लाभार्थियों को उनके पारंपरिक व्यवसाय के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए। हलवाई, सुनार और दर्जी कार्य से जुड़े लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गईं।
इसके अलावा मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। श्रम विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
अधिकारियों ने कहा कि ऐसी योजनाओं का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों और युवाओं को प्रशिक्षण, संसाधन एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के साथ रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में संयुक्त आयुक्त उद्योग, उपायुक्त उद्योग, सहायक आयुक्त उद्योग, सहायक श्रम आयुक्त सहित उद्यमी एवं लाभार्थी मौजूद रहे।
