‘पार्टी के दफ्तर 5 स्टार और…’, सत्य निकेतन हादसे पर BJP पर भड़के कन्हैया कुमार
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 5 मंजिला इमारत गिरने से हुए हादसे को लेकर कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने BJP सरकार पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि देते हुए सरकार की व्यवस्था और जवाबदेही पर सवाल उठाए. कन्हैया कुमार ने कहा कि एक तरफ BJP ने हर जिले में पार्टी के 5 स्टार दफ्तर बनवाए हैं, लेकिन दूसरी तरफ पुल, सड़क और सरकारी इमारतें गिर रही हैं.
कन्हैया कुमार ने कहा, “BJP ने हर जिले में पार्टी का 5 स्टार दफ्तर बनवाया है. BJP सरकार में उसके पार्टी कार्यालय नहीं गिरते हैं, लेकिन पुल गिर जाता है, सड़क टूट जाती है, सरकारी बिल्डिंगें गिर जाती हैं.ऐसी घटनाएं हैं, जहां छात्रों को जान गंवानी पड़ी है. कहीं कोचिंग में आग लग गई, कहीं लाइब्रेरी में पानी भर गया, कहीं करंट लगने से छात्र की मौत हो गई.”
24 घंटे बाद भी पूरा नहीं हट पाया मलबा
कन्हैया कुमार ने हादसे के बाद चल रहे राहत और बचाव अभियान को लेकर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा, “दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि घटना को 24 घंटे होने को हैं, लेकिन मलबा अभी तक पूरी तरह नहीं हट पाया है. मलबे में कितने लोग दबे हुए हैं, इसकी भी कोई जानकारी नहीं है. वहां मौजूद पुलिस प्रशासन सिर्फ राहत-बचाव का काम ही नहीं कर रहा, बल्कि सच छिपाने का भी काम कर रही हैं.”
हादसे के वक्त मौके पर पुलिस और मेडिकल टीम नहीं थी- कन्हैया
कन्हैया कुमार ने दावा किया कि हादसे के वक्त मौके पर जरूरी राहत व्यवस्था मौजूद नहीं थी. उन्होंने बताया कि घटना करीब 1:30 बजे हुई और उस समय मौके पर पुलिसकर्मी, मेडिकल टीम या रेस्क्यू टीम मौजूद नहीं थी.
उन्होंने कहा, “दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुआ हादसा दर्दनाक है. हम इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी छात्रों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं. यह घटना करीब 1:30 बजे हुई, लेकिन हैरानी की बात है कि मौके पर न तो कोई पुलिसकर्मी मौजूद था, न मेडिकल टीम और न ही कोई रेस्क्यू टीम. वहां सिर्फ एक एंबुलेंस मौजूद थी. हादसे की जानकारी मिलते ही NSUI के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और छात्रों की हर संभव मदद की. उस समय कई छात्र मलबे में दबे हुए थे और मदद के लिए चीख-चिल्ला रहे थे.”
DU के आसपास जर्जर PG को लेकर भी सवाल
कन्हैया कुमार ने दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस के आसपास चल रहे PG को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि कई PG जर्जर हालत में हैं और उन्हें चलाने वाले लोग एक ऐसे नेक्सस का हिस्सा हैं, जिसे BJP का संरक्षण हासिल है.
उन्होंने कहा, “लेकिन सवाल है आखिर कब तक छात्र और आम लोग इस तरह के हादसों का शिकार होते रहेंगे? दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस के आसपास कई ऐसे PG हैं, जो जर्जर हैं. इन PGs को चलाने वाले लोग एक नेक्सस का हिस्सा हैं, जिसे BJP का पूरा संरक्षण है. यही वजह है कि MCD इन पर कोई कार्रवाई नहीं करती, क्योंकि उसे सिर्फ वसूली करके सरकार की तिजोरी भरने से मतलब है.”
कन्हैया कुमार ने सरकार के सामने रखीं मांगें
कन्हैया कुमार ने सत्य निकेतन हादसे के बाद सरकार के सामने अपनी मांगें भी रखीं. उन्होंने कहा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी के अंदर छात्रों के लिए हॉस्टल बनाए जाने चाहिए. इसके साथ ही अवैध रूप से संचालित हॉस्टल और PG को बंद किया जाए और हॉस्टल व PGs के लिए रेंट कंट्रोल एक्ट बनाया जाए.
उन्होंने CM रेखा गुप्ता से हादसे की जिम्मेदारी लेने और दोषियों पर एक्शन करने की मांग की. इसके अलावा सभी PGs की जांच कराने और उनके लिए उचित नियम-कानून बनाने की मांग भी रखी. कन्हैया कुमार ने कहा कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, सरकार उन्हें उचित मुआवजा दे और घायल छात्रों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए.
कन्हैया कुमार ने केंद्रीय गृह मंत्री के गोवा में BJP कार्यालय के उद्घाटन को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, “एक तरफ सत्य निकेतन में छात्र बिल्डिंग गिरने के कारण दबकर मर जाते हैं और दूसरी तरफ देश के गृह मंत्री गोवा में BJP कार्यालय का फीता काटते हैं. ये बहुत ही शर्मनाक है.”
उन्होंने कहा कि छात्रों को मजबूरी में जिन प्राइवेट PG में रहना पड़ता है, वहां सुरक्षा के नियमों का पालन नहीं किया जाता.
