एक ही छत के नीचे दाम्पत्य सूत्र में बंधे 32 जोड़े

एक ही छत के नीचे दाम्पत्य सूत्र में बंधे 32 जोड़े
  • सहारनपुर में अग्नि को साक्षी रख फेरों की तैयारी करते पंडित अरुण।

सहारनपुर [24CN]। जनमंच में आज साम्प्रदायिक सौहार्द की बयार बही। एक ही छत के नीचे अपने-अपने धार्मिक रीति रिवाज के साथ 32 जोड़े प्रणय बंधन में बंध एक दूसरे के जीवन साथी बन गए। मंडलायुक्त डॉ.लोकेश एम व नगरायुक्त गजल भारद्वाज ने नव युगलों को शुभाशीष प्रदान करते हुए उन्हें उनके सुखमय जीवन की मंगल कामनाएं दी।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सम्पन्न कराए गए सामूहिक विवाह समारोह में 26 जोड़ों ने कुरान की पवित्र आयातों तथा छह जोड़ों ने वेद मंत्रोच्चार के बीच दाम्पत्य सूत्र में बंधकर साथ-साथ जीवन बिताने का वायदा किया। निकाह की रस्म, कारी मौ.अनवर और अग्नि को साक्षी रख सात फेरों की रस्म अरुण पंडित व पंडित दीपक ने पूर्ण करायी। मुख्य अतिथि मंडलायुक्त डा. लोकेश एम व नगरायुक्त गजल भरद्वाज ने नवयुगलों को मंगल जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किये।

इस अवसर पर शासन की ओर से नव दम्पत्तियों को 35-35 हजार रुपये के चेक और 10-10 हजार रुपये का घरेलू सामान भी भेंट स्वरुप दिया गया। इससे पूर्व अपर नगरायुक्त राजेश यादव ने नवयुगलों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्य मंत्री सामूहिक विवाह योजना सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। आर्थिक रुप से कमजोर लोगों को इसका लाभ उठाना चाहिए। उ.प्र. उर्दू अकादमी भाषा मंत्रालय के सदस्य एम आजाद अंसारी ने कहा कि योगी सरकार में सबका विकास और सबका साथ इन विवाह समारोह में प्रत्यक्ष दिखायी दे रहा है।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी रवीश चौधरी, सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम, लेखाधिकारी राजीव कुशवाहा, कर अधीक्षक सुधीर शर्मा व साहब सिंह, भाजपा महानगर मंत्री ललित कटारिया, तौसीफुल हक, मुर्तजा भारती व वंदना दुआ आदि मौजूद रहे। संचालन सपना सिंह ने किया।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे