सहारनपुर में किशोरियों को पोषण, माहवारी और साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
सेंट मैरीज स्कूल में जागरूकता शिविर आयोजित, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के दिए टिप्स
सहारनपुर। सहारनपुर ऑब्स एवं गायनिक सोसायटी के तत्वावधान में गुरुवार को मिशन कंपाउंड स्थित सेंट मैरीज स्कूल में किशोरी बालिकाओं के लिए जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बालिकाओं को पोषण, माहवारी, स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य और साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
शिविर में डॉ. चित्रा मनचंदा ने संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए एनीमिया यानी खून की कमी से बचाव के उपाय बताए। डॉ. सोमा अग्रवाल ने माहवारी से संबंधित समस्याओं और इस दौरान आवश्यक सावधानियों के बारे में जानकारी दी। वहीं, डॉ. आकांक्षा ठक्कर ने त्वचा संबंधी समस्याओं से बचाव के उपाय बताए।
डॉ. मीनल गोयल ने बालिकाओं को साइबर सुरक्षा और रोजमर्रा के जीवन में व्यक्तिगत सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जागरूक किया। सोसायटी अध्यक्ष डॉ. पूनम त्यागी ने किशोरावस्था में मानसिक स्वास्थ्य के महत्व को समझाते हुए भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने पर जोर दिया।
स्वच्छता और पौष्टिक आहार पर दिया जोर
डॉ. भारती कालरा ने स्वच्छता के महत्व को समझाते हुए कहा कि साफ-सफाई की आदत अपनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनिता मलक ने एनीमिया मुक्त भारत के लक्ष्य को सफल बनाने में किशोरियों की भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने स्वस्थ आहार, बेहतर दिनचर्या और सकारात्मक विचारों को स्वस्थ जीवन का आधार बताया।
कार्यक्रम में सेंट मैरीज एकेडमी के फादर जॉर्ज चिन्मय, प्रिंसिपल सिस्टर शीला सोलंकी और मधुमालिनी अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। शिविर का मुख्य उद्देश्य किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
