शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव आज,  28,924 मतदाता करेंगे मतदान

शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव आज,  28,924 मतदाता करेंगे मतदान
निर्वाचक नामावली से संबंधित आवेदनों में सही जानकारी देने की अपील करता जिला निर्वाचन प्रशासन।

सहारनपुर में मतदान की तैयारियां पूरी, स्नातक के लिए सफेद और शिक्षक सीट पर गुलाबी मतपत्र का होगा इस्तेमाल

सहारनपुर। मेरठ खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद चुनाव के लिए जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।  23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके लिए गुरूवार को मतदान पार्टियों को रवाना किया जाएगा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 28,924 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 24,148 मतदाता पंजीकृत हैं। इनके लिए जिले में 19 मतदान केंद्रों पर 80 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। स्नातक सीट पर 14,139 पुरुष और 10,009 महिला मतदाता मतदान करेंगे। वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 4,776 मतदाता हैं, जिनमें 2,224 पुरुष और 2,552 महिलाएं शामिल हैं। शिक्षक सीट के लिए 14 मतदान केंद्रों पर 15 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

मतदान प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए 13 अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक मतदान पार्टी में एक पीठासीन अधिकारी और तीन मतदान अधिकारी तैनात रहेंगे। मतदाताओं की समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां तीन पालियों में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मतदान के दौरान आने वाली शिकायतों का समय पर निस्तारण किया जाये। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतपत्रों के रंग अलग रखे गए हैं। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में सफेद, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में गुलाबी रंग के मतपत्रों का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को जीपीएस सुविधा वाले बंद बॉडी कंटेनर में सुरक्षित रखकर मतगणना संबंधी प्रक्रिया के लिए मेरठ भेजा जाएगा। मतदान के लिए मतदाताओं को निर्धारित पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

मतदाता पहचान पत्र के अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड और पासपोर्ट सहित निर्धारित वैकल्पिक पहचान पत्र भी मान्य होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी लवी त्रिपाठी ने बताया कि मतदान से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने और निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply