सहारनपुर की रेल समस्याओं को लेकर व्यापारियों ने रेल मंत्री को भेजा ज्ञापन, बंद मेमू ट्रेनों को दोबारा चलाने की मांग
सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने जिले की विभिन्न रेल समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को ज्ञापन भेजा है। अंबाला मंडल के डीआरएम के माध्यम से भेजे गए ज्ञापन में व्यापारियों ने कोरोना काल से बंद पड़ी मेमू पैसेंजर ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू करने, वंदे भारत एक्सप्रेस का गाजियाबाद में ठहराव देने और सहारनपुर से विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
कोरोना काल से बंद मेमू ट्रेनों को दोबारा चलाने की मांग
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि मेरठ-अंबाला और अंबाला-मेरठ मेमू पैसेंजर ट्रेनें कोरोना काल से बंद हैं। इन ट्रेनों का संचालन बंद होने के कारण मुलाना मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और आम यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने जनहित को देखते हुए दोनों ट्रेनों का संचालन तत्काल बहाल करने की मांग की है।
इसके अलावा देहरादून-आनंद विहार वंदे भारत एक्सप्रेस का गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर ठहराव देने की मांग भी की गई। व्यापारियों का कहना है कि सहारनपुर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं गाजियाबाद और नोएडा में पढ़ाई करने जाते हैं। गाजियाबाद में वंदे भारत का ठहराव नहीं होने से उन्हें आवागमन में दिक्कत होती है।
खाटू श्याम और सालासर बालाजी के लिए मिले सीधी ट्रेन
व्यापार मंडल ने सहारनपुर से रींगस के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग भी उठाई। पदाधिकारियों ने बताया कि जिले से हर वर्ष हजारों श्रद्धालु खाटू श्याम और सालासर बालाजी के दर्शन करने जाते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है।
वहीं, सहारनपुर से महज सात किलोमीटर दूर स्थित टपरी रेलवे स्टेशन से होकर गुजरने वाली उन ट्रेनों को भी सहारनपुर के रास्ते संचालित करने की मांग की गई, जो वर्तमान में सहारनपुर रेलवे स्टेशन नहीं आती हैं।
दिल्ली और मुंबई के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग
व्यापारियों ने ज्ञापन में बताया कि सहारनपुर से सुबह 9:30 बजे से शाम पांच बजे के बीच दिल्ली जाने के लिए ट्रेन की सुविधा नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए जनशताब्दी जैसी नई ट्रेन संचालित करने की मांग की गई है।
इसके साथ ही मेरठ से प्रयागराज जाने वाली संगम एक्सप्रेस का संचालन सहारनपुर से शुरू करने का सुझाव दिया गया।
संगठन ने देहरादून-बांद्रा टर्मिनल एक्सप्रेस का मुद्दा भी उठाया। व्यापारियों के अनुसार, यह ट्रेन पहले सहारनपुर होकर संचालित होती थी, लेकिन अब इसे टपरी के रास्ते चलाया जा रहा है। इससे सहारनपुर से मुंबई जाने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है। व्यापार मंडल ने इस ट्रेन को दोबारा सहारनपुर के रास्ते संचालित करने की मांग की है।
व्यापार मंडल ने रेल मंत्री से सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर यात्रियों और व्यापारियों को राहत दिलाने की अपील की। इस दौरान जिलाध्यक्ष रोहित घई, सुनील शर्मा, कमल अरोड़ा, कोषाध्यक्ष सचिन घई सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
