सहारनपुर में 11 स्थानों पर लगेंगे वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, महापौर ने किया शुभारंभ
सैलो एक्वीफर मैनेजमेंट योजना के तहत जल संरक्षण को मिलेगा बढ़ावा, चार चरणों में मिलेंगे 50 लाख रुपये
सहारनपुर। नगर निगम ने जल संरक्षण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। सैलो एक्वीफर मैनेजमेंट योजना के अंतर्गत महानगर में 11 स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की शुरुआत की गई है। डॉ. अंबेडकर स्टेडियम में महापौर डॉ. अजय कुमार ने रिबन काटकर और नारियल फोड़कर योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के माध्यम से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने और भूजल संरक्षण की दिशा में काम किया जाएगा।
नगर निगम के महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि भारत सरकार की सैलो एक्वीफर मैनेजमेंट योजना के तहत वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार की ओर से चार चरणों में 50 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। योजना के तकनीकी क्रियान्वयन में देहरादून का पीपुल्स साइंस इंस्टीट्यूट सहयोग करेगा और आवश्यक तकनीकी जानकारी उपलब्ध कराएगा।
इन 11 स्थानों पर लगेंगे सिस्टम
महानगर में जिन स्थानों पर वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए जाएंगे, उनमें डॉ. अंबेडकर स्टेडियम, दिल्ली रोड स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी, एमआरएफ सेंटर के निकट ज्ञान विहार कॉलोनी, मातागढ़ स्थित जलकल विभाग परिसर, कोलागढ़ तालाब, हलालपुर तालाब, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, गुरुनानक गर्ल्स इंटर कॉलेज, गोगा महाड़ी परिसर, जिला अस्पताल और इस्लामिया डिग्री कॉलेज शामिल हैं।
जल संचय और लीकेज रोकने पर भी जोर
महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि नगर निगम जल संरक्षण के क्षेत्र में लगातार नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो पोखर मृतप्राय हो गए थे, उनके पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से भी जल संरक्षण के प्रयास किए जा रहे हैं।
महापौर ने कहा कि महानगर में जल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, लीकेज रोकने और पानी की बर्बादी कम करने के लिए स्काडा (SCADA) मॉनिटरिंग व्यवस्था भी लागू की गई है। नगर निगम का उद्देश्य जल संचय को बढ़ावा देना और उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करना है।
कार्यक्रम में उपसभापति मयंक गर्ग, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़ और क्षेत्रीय पार्षद राजेंद्र कोहली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
