गाजियाबाद के लोनी में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
गाजियाबाद: गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र के चिरौड़ी गांव में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे हुई, जब 22 वर्षीय सोनू, जो एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था, मेडिकल स्टोर के बाहर चाऊमीन की दुकान पर खड़ा था।
इस दौरान बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए उसके सीने में तीन गोलियां मारीं। गोली लगने से सोनू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तुरंत दिल्ली के जीटीबी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने बताया कि हत्या के कारणों का पता लगाने और आरोपियों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। एसीपी राम किशन राना ने कहा कि पुलिस घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
