साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर अस्थाना ने सोनिया गांधी के दावों को किया खारिज

साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को लेकर अस्थाना ने सोनिया गांधी के दावों को किया खारिज

सोनिया गांधी की पुस्तक ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड के कारणों पर उठाए गए सवालों पर पूर्व सीबीआई विशेष निदेशक राकेश अस्थाना ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों का पता फोरेंसिक साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया से चल चुका है।

अस्थाना ने 2002 में गोधरा में हुई इस घटना को ‘आपराधिक’ मानते हुए कहा कि इसे राजनीतिक दृष्टिकोण से देखना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मामले में आरोपितों को अदालत ने दोषी ठहराया है।

सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में लिखा है कि इस अग्निकांड में 59 लोगों की मौत हुई थी, लेकिन आग लगने के कारण अब भी विवादित हैं। अस्थाना ने इस पर कहा कि गोधरा स्टेशन के पास स्थित अमन गेस्ट हाउस की जांच में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले थे।

उन्होंने दावा किया कि गेस्ट हाउस के मालिक से पूछताछ में पाकिस्तान से कई फोन आने की जानकारी मिली थी। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि घटना से एक रात पहले वहां बैठक हुई थी, जिसमें ट्रेन के डिब्बों में आग लगाने की योजना बनाई गई थी।

अस्थाना ने यह भी आरोप लगाया कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने न्यायमूर्ति यूसी बनर्जी समिति के माध्यम से जांच को प्रभावित करने की कोशिश की थी।

गोधरा में 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने से 59 लोगों की मौत हुई थी, जिसके बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे थे। विशेष अदालत ने 2011 में 31 लोगों को दोषी ठहराया था, जबकि गुजरात हाई कोर्ट ने 2017 में 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था।

Leave a Reply