‘युवा बेरोजगारी से हैं परेशान और…’, पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी चॉकलेट’ गिफ्ट किया तो बोले खरगे
देश की राजनीति में इन दिनों “Melodi” नया फ्लेवर बन चुका है. एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की दोस्ती सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस इसे लेकर तंज पर तंज कस रही है. कांग्रेस की केरल इकाई ने तो सीधे पूछ लिया, “Melody इतनी chocolaty क्यों है?”
खरगे का पीएम मोदी पर निशाना
इसके बाद विपक्ष के सुर और तेज हो गए. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश का युवा डिप्रेशन में है, NEET पेपर लीक हो रहे हैं, पेट्रोल-गैस महंगी हो रही है और महंगाई लगातार बढ़ रही है, लेकिन प्रधानमंत्री इटली की पीएम के साथ ‘Melody’ खाने में व्यस्त हैं. वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार जनता को भाषणों की “melody” सुनाना चाहती है, जबकि जनता “misery” झेल रही है.
बेरोजगारी को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा
उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 2014 में ₹414 थी, जो अब (2026 में) बढ़कर ₹915.5 हो गई है (यानी 121% की बढ़ोतरी). कमर्शियल सिलेंडर भी 1,241 रुपये से बढ़कर ₹3,152 हो गया है. रोजमर्रा की चीजें- दूध, ब्रेड, दवाइयां और CNG जैसी जरूरी चीजें लगातार महंगी हो रही हैं. पिछले 12 सालों में सरकार ने ईंधन (Fuel) पर टैक्स लगाकर जनता से करीब ₹43 लाख करोड़ जुटाए हैं. 15 से 29 साल के युवाओं में बेरोजगारी दर मार्च 2026 में बढ़कर 15.2% तक पहुंच गई है, जो पिछले 9 महीनों में सबसे ज्यादा है.’
90 सरकारी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने कहा, ‘बीजेपी के कार्यकाल के दौरान पिछले 10 सालों में लगभग 90 सरकारी परीक्षाओं के पेपर लीक हुए हैं, जिससे करीब 9 करोड़ युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है. डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया अपने सबसे निचले स्तर (करीब 96.90) पर पहुंच गया है. मिडिल ईस्ट में चल रहे विवाद के कारण पिछले दो महीनों में भारत का फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व करीब 38 अरब डॉलर घट गया है. विदेशी निवेशकों ने साल 2026 में अब तक भारतीय शेयर बाजार से 2.2 लाख करोड़ रुपये निकाल लिए हैं, जो कि साल 2025 (1.66 लाख करोड़ रुपये) से भी ज्यादा है.’
