मांझी के बयान पर भड़के पप्पू यादव, CM योगी को भी घेरा
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी के मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है. मुख्य आरोपी नंदन यादव के पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी और विपक्षी नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है. इसी कड़ी में पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार पोस्ट कर मांझी पर निशाना साधा. मांझी ने इससे पहले तेजस्वी यादव को उनके ‘भाइयों’ को सचेत करने की नसीहत दी थी.
पप्पू यादव ने एक्स पर लिखा, “जीतनराम मांझी आपकी नजर में यादव होना ही अपराध है तो पहले अपने मंत्रिमंडल सहयोगी भूपेंद्र यादव, नित्यानंद राय, अन्नपूर्णा देवी, CM मोहन यादव, विजेंद्र यादव, रामकृपाल यादव आदि का हाफ या फुल जो एनकाउंटर करना है कर दीजिए.”
उन्होंने आगे लिखा, “वे उसी लायक हैं, पूरे समाज को गाली दिया जाता है ये चुप रहते हैं.” पप्पू यादव का यह बयान मांझी की उस टिप्पणी के जवाब में आया है, जिसमें उन्होंने जमुई मामले के आरोपी को लेकर तेजस्वी यादव पर निशाना साधा था.
मांझी ने तेजस्वी को दी थी नसीहत
जीतनराम मांझी ने कहा था कि तेजस्वी यादव बिहार-यूपी के हर यादव को अपना भाई बताते हैं और जमुई में उन्हीं में से कुछ लोगों ने लड़की से छेड़छाड़ कर वीडियो बनाया. उन्होंने तेजस्वी से अपने ‘भाइयों’ को सचेत करने को कहा था और कहा था कि सरकार अपराधियों को बख्शने वाली नहीं है.
बजरंग दल और एंटी रोमियो स्क्वॉड पर सवाल
पप्पू यादव ने अपने अगले पोस्ट में यूपी के सीएम योगी पर भी बिना निशाना साधा है. उन्होंने लिखा, “जमुई की घृणित घटना का जिम्मेदार कौन? ऐसी घटना पर रोक लगाना है तो उस घृणित विचार पर प्रहार करो, जहां से यह जन्मा है. वह है बजरंग दल का वैलेंटाइन डे पर जोड़ियों पर प्रहार, UP के ढोंगी CM का नफरती कुंठित एंटी रोमियो स्क्वॉड. यही से ‘मोरल पुलिसिंग’ के नाम पर यौन शोषण का खेल शुरू हुआ”
‘ऐसे ही लोगों ने बजरंग दल बनाया’
एक अन्य पोस्ट में पप्पू यादव ने लिखा, “जिन्हें जीवन में प्रेम-मोहब्बत नहीं मिलता वह भीषण कुंठा के शिकार हो जाते हैं, दूसरे प्रेम करने वालों से घृणा नफरत करते हैं. ऐसे ही लोगों ने बजरंग दल बनाया. वैलंटाइन डे पर प्रेमियों पर हमला कर यौन हिंसा करने लगा. सीएम योगी पर निशाना साधते हुए लिखा- ऐसा ही कुंठित CM बना तो एंटी रोमियो स्क्वॉड बना और प्रेमियों पर प्रहार किया.”
