युवा एकता सेवा समिति ने की गांव मुर्तजापुर मसखरा नदी पर सेतु बनाने की मांग
- सहारनपुर में जिलाधिकारी को ज्ञापन देने जाते युवा एकता सेवा समिति के पदाधिकारी।
सहारनपुर। युवा एकता सेवा समिति संगठन से जुड़े पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तहसील बेहट के गांव मुर्तजापुर मसखरा राव नदी पर पुल बनाए जाने की मांग की।
युवा एकता सेवा समिति संगठन से जुड़े पदाधिकारी सोमवार को युवा प्रदेशाध्यक्ष आशीष सैनी के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सम्बोधित ज्ञापन जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान को सौंपकर बताया कि बेहट तहसील के गांव मुर्तजापुर एवं बेहट के बीच पड़ने वाली मसखरा नदी पर पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस नदी पर पुल न होने की वजह से इस क्षेत्र के अनेक गांवों के लोगों को खासकर बरसात के मौसम भारी परेशानी सामना करना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र गांव मुर्तजापुर, दयालपुर, मांझीपुर, नगला झंडा, हीराहेरी, अलूनी, सलूनी, खुर्रमपुर, बूबका पाजराना आलमपुर, कबीरपुर, भाकरोड व चांडी सहित दर्जनों गांवों के बच्चों को स्कूल आने-जाने में भारी कठिनाई होती है। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में रोगियों को अस्पताल ले जाने भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना था कि पूर्व में मसखरा नदी पर पुल न होने की वजह से गांव मुर्तजापुर के दो बच्चों को जान भी गंवानी पड़ी थी।
ग्रामीणों कहना था कि मसखरा नदी पर सेतु बनाने की मांग तीन दशक पूर्व तत्कालीन सांसद राघव लखनपाल शर्मा के समय से ही कर रहे हैं। पूर्व में इस सम्बंध में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रिजेश पाठक को भी ज्ञापन सौंपकर इस सेतु निर्माण की मांग की गई थी परंतु अब तक इस मामले में कोई कार्यवाही नहीं की गई। ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से मांग की कि गांव मुर्तजापुर मसखरा नदी पर दर्जनों गांवों के ग्रामीणों की परेशानी के मद्देनजर सेतु बनाया जाना बहुत ही आवश्यक है। ज्ञापन सौंपने वालों में संगठन एवं गांव मुर्तजापुर के ग्रामीण शामिल रहे।
