एकाग्र प्रयास सफलता का आधार: पद्मश्री भारत भूषण

एकाग्र प्रयास सफलता का आधार: पद्मश्री भारत भूषण
  • सहारनपुर में पदक विजेता योगासन खिलाड़ी एवं अतिथिगण।

सहारनपुर। महर्षि दयानंद गुरुकुल एवं गुरुकुल कानड़ के लचीले बदन के साधे हुए योगासन खिलाड़ियों ने डिस्ट्रिक्ट योगासन एसोसिएशन के द्वारा आयोजित जिला स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सर्वाधिक पदक अपने नाम करते हुए ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी पर भी कब्जा जमा लिया।

मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योगाश्रम द्वारा संचालित नेशन बिल्डर्स एकेडमी के महर्षि पतंजलि सभागार में जनपद के दूर दराज गांवों तक से आए करीब सवा सौ योग साधकों के बीच कल सुबह से चल रही जिला योगासन चैंपियनशिप के समापन पर पुरस्कार वितरण करते हुए पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने प्रतिभागियों को और बेहतर करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अच्छे साधक को जीत हासिल कर लेने पर भी खुशी में हुर्रे करने के बजाय सीखना होता है कि मैं इससे अच्छा और क्या कर सकता हूँ, उन्होंने इसी सोच और एकाग्रता से की गई निरंतर साधना को अपने विद्यार्थी जीवन में दस साल तक लगातार जीतते रहने का रहस्य बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीआईएस चेयरमैन रविंद्र मिगलानी ने कहा कि ऐसे आयोजनों का होते रहने से युवाओं के सामने कुछ बेहतर राह चुनने का विकल्प खुला रहता है वरना मोबाइल और इंस्टाग्राम में उलझकर रह जाना आज की पीढ़ी का भाग्य बन गया है। देर शाम तक चली इस कांटे की प्रतियोगिता में कार्तिक सैनी, सूर्यदेव राणा, मानव सैनी, अनंत पुंडीर, देव सैनी, हरकरीत और अजय सैनी को गोल्ड मेडल हासिल किया। कार्यक्रम का संचालन सचिव नवनीश कांत शर्मा व योगाचार्या अनीता शर्मा ने किया। इस अवसर पर निर्णायक मंडल के सदस्यों और स्पर्धा आब्जर्वर को भी एसोसिएशन की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किए गए।

Leave a Reply