जनकपुरी पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, चोरी के सामान सहित दो आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर। थाना जनकपुरी पुलिस ने चोरी की एक घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया विद्युत संबंधी सामान भी बरामद किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, थाना जनकपुरी क्षेत्र के गांव चकहरेटी निवासी टिंकू पुत्र रामदास ने बृहस्पतिवार को थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके मकान से सामान चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी थी।
राजवाहे की पटरी के पास से दबोचे
घटना के खुलासे के लिए थाना प्रभारी प्रदीप कुमार और उपनिरीक्षक विनय कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे राजवाहे की पटरी के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित उर्फ अनिकेत पुत्र शिवकुमार और अजय पुत्र विनोद, दोनों निवासी ग्राम चकहरेटी, थाना जनकपुरी, सहारनपुर के रूप में हुई है।
चोरी का विद्युत सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कथित तौर पर चोरी किया गया सामान बरामद किया है। बरामद सामान में 15 कन्सील्ड, चार पंखे, एक वाटर ओवरफ्लो अलार्म, सात स्विच बोर्ड, दो बल्ब होल्डर और विद्युत डोरी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि बरामद सामान विगत दिवस हुई चोरी की घटना से संबंधित है। आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
फोटो परिचय:
