प्रीपेड मीटर पर योगी सरकार का यूटर्न, अखिलेश बोले- ‘हम सबका विरोध झुका गया…’
उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के लाखों को बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत प्रदान की है, प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि अब प्रीपेड मीटर पोस्टपेड की तरह काम करेंगे. पहले की तरह ही बिजली बिल में बिल जमा करने की तिथि उल्लिखित रहेगी. अब प्रदेश सरकार के फैसले पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने सरकार के निर्णय पर कहा कि “प्रीपेड मीटर की भ्रष्टाचारी व्यवस्था का हम सबका विरोध आखिरकार दंभी सरकार को झुका गया है. ये जनशक्ति की जीत है. उप्र की जागरूक जनता भाजपा का अत्याचार और भ्रष्टाचार और नहीं सहेगी.”
‘प्रीपेड मीटर के नाम पर वसूले गए बढ़े बिलों का हो समायोजन’
अखिलेश यादव ने कहा कि है कि, “प्रीपेड मीटर के बहान जो बढ़े बिल जनता से वसूले गये हैं, उनका तार्किक समायोजन अगले बिलों में किया जाए. जब एआई का प्रयोग वोटर लिस्ट से नाम काटने में हो सकता है तो लॉजिकल एडजेस्टमेंट के लिए क्यों नहीं. बिजली के बिल से जो पैसा जनता से लिया गया है, वो भाजपा की लूट का माल है, जो जनता को लौटाना ही पड़ेगा. नहीं तो हम सब मिलकर एक और नया आंदोलन करेंगे.”
ऊर्जा मंत्री ने दी सरकार के फैसले की जानकारी
दरअसल, प्रदेश सरकार ने निर्णय लिया है कि अब सभी प्रीपेड मीटर पोस्टपेड स्मार्ट मीटर के रूप में कार्य करेंगे. प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि बिलिंग साइकिल वैसे ही रहेगा, जैसे पहले पोस्टपेड मीटर में होता था. मंत्री ने बताया कि पहले की तरह 1 तारीख से माह के अन्त तक बिल की खपत का एक महीने का बिल एसएमएस और व्हाट्सएप पर दिया जायेगा.
मंत्री ने बताया कि सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को प्रत्येक माह की 10 तारीख तक बिल मिल जायेंगे. बिल मिलने की तिथि से भुगतान के लिए 15 दिन का समय दिया जायेगा.
