‘क्या विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी?’ यूपी में मंत्रालयों के बंटवारे पर अखिलेश यादव का तंज

‘क्या विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी?’ यूपी में मंत्रालयों के बंटवारे पर अखिलेश यादव का तंज

उत्तर प्रदेश में कैबिनेट विस्तार के पाँच दिन गुज़र जाने के बाद भी नए मंत्रियों के विभागों का बंटवारा नहीं हो पाया है, जिसे लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि कमीशन और कमाई की वजह से मंत्रियों के मंत्रालय और विभागों के बंटवारे में देरी हो रही है. क्या अब विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी.

मंत्रियों के विभागों के बंटवारें में देरी पर कसा तंज

अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा- ‘उप्र में मंत्रियों के नाम के बाद, अब क्या उनके विभागों की ‘पर्ची’ भी ऊपर से आएगी? मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ़ ये है कि मंत्रालय-विभाग की ‘कमीशन-कमाई’ के बंटवारे के डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं. दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नये मंत्री बने हैं वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर, गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं. भाजपाई डबल इंजन बाक़ी सब मंत्रियों को ‘डब्बा’ कर देता है.

उप्र की जनता ने ठाना है कि नये मंत्रियों को जो भी मंत्रालय-विभाग मिलेगा, उस पर पूरी तरह से निगाह-निगरानी रखी जाएगी, जिससे ये नये-नवेले मंत्रीगण अपने ख़जाने न भर सकें. इस बात के लिए काग़ज़ी प्रमाण के साथ-साथ और भी आडियो-वीडियो सबूत इकट्ठे किये जाएंगे और इन भाजपाइयों की कलई खोली जाएगी.

अब जनता ही भाजपाई लोगों को अपने टैक्स के पैसों की लूट करने से रोकेगी क्योंकि भ्रष्टाचार रोकने के बाक़ी सारे विभाग तो भ्रष्ट भाजपा ने बर्बाद कर ही दिये हैं. जनता को लगता है अब सोशल मीडिया और सिटिज़न जर्नलिज्म के माध्यम से ही उनको न्याय मिल सकता है.

भाजपा सरकार जानती है कि ये आख़िरी बार है जब वो सत्ता में है, इसीलिए ये भाजपाई दसों हाथों से पैसा बटोरना चाहते हैं। जागरूक जनता अब इन भाजपाइयों को उनके गंदे मंसूबों में कामयाब नहीं होने देगी.’

बता दें यूपी में हुए कैबिनेट विस्तार में छह नए मंत्रियों ने शपथ ली है. लेकिन, अब तक उनके विभागों का बंटवारा नहीं हो सकता है. माना जा रहा कि है कि मुख्यमंत्री जिन विभागों को देने को तैयार है उन विभागों पर केंद्रीय नेतृत्व की सहमति नहीं बनी है. इसी कारण यह बंटवारा इतना लंबा खींच रहा है.