‘जब-जब राष्ट्र के सामने संकट…’, PM मोदी का नाम लेकर ASP अनुज चौधरी ने लोगों से की भावुक अपील

‘जब-जब राष्ट्र के सामने संकट…’, PM मोदी का नाम लेकर ASP अनुज चौधरी ने लोगों से की भावुक अपील

उत्तर प्रदेश के संभल में सीओ रह चुके अनुज चौधरी एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं. अनुज चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह लोगों से स्वदेशी अपनाने और प्रधानमंत्री की अपील पर चलने की बात कह रहे हैं. अनुज चौधरी ने देशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और सादगी अपनाने की भावुक अपील की है.

एएसपी अनुज चौधरी ने वीडियो के माध्यम से देशवासियों का अभिवादन करते हुए कहा कि राष्ट्र प्रथम यही भारत की परंपरा है. उन्होंने कहा कि जब-जब राष्ट्र के सामने संकट की स्थिति आई है तब भारतीयों ने अपने निजी हितों से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को चुना है. यही हमारी संस्कृति और हमारी पहचान है.

मौजूदा स्थिति का किया जिक्र

एएसपी ने मौजूदा परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि स्थिरता और आज वैश्विक अस्थिरता और आर्थिक चुनौतियों के बीच देश के यशस्वी, दूरदर्शी एवं कर्मयोगी प्रधानमंत्री जी ने देशवासियों से संयम, सादगी और स्वदेशी अपनाने का आह्वान किया है. यह केवल एक आर्थिक सलाह नहीं है, बल्कि भारत की सनातन जीवन दृष्टि का रूप है.

एएसपी अनुज चौधरी ने अपने वीडियो संदेश के जरिए देश के महापुरुषों को भी याद किया है. उन्होंने कहा कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय का मानना था कि भारत का विकास उसकी अपनी संस्कृति, स्वदेश सामर्थ्य और आत्मनिर्भरता के आधार पर होना चाहिए.

‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ को सराहा

आज प्रधानमंत्री जी का ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘वोकल फॉर लोकल’ का मंत्र उसी विचार को आगे बढ़ाता दिखाई देता है. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी को याद करते हुए कहा कि उन्होंने त्याग और अनुशासन से राष्ट्र को मजबूत बनाने का संदेश दिया था. आज फिर यह समय हमसे यही अपेक्षा कर रहा है कि हम अपनी छोटी-छोटी आदतों से देश को बड़ी शक्ति दें.

उन्होंने कहा कि यदि हम ईंधन की बचत करें, स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता अनावश्यक खर्चों से बचें और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखें, तो केवल हमारा व्यक्तिगत निर्णय नहीं होगा, बल्कि भारत की आर्थिक शक्ति को मजबूत करने में एक बड़ा योगदान होगा.

सैनिकों को लेकर बोले अनुज चौधरी

उन्होंने आगे कहा कि याद रखिए सीमा पर देश के सैनिक रक्षा करते हैं और अपने कर्तव्यों का पालन करने वाले जागरूक नागरिक देश की शक्ति बढ़ाते हैं. आइये संकल्प लें स्वदेशी अपनाएंगे, संसाधनों की बचत करेंगे, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखेंगे. उन्होंने आखिर में कहा कि राष्ट्र मजबूत होगा तभी हम सब मजबूत होंगे.

Leave a Reply