पाकिस्तान ने भारत पर मढ़ा कराची में आतंकी हमले का आरोप तो भड़की कांग्रेस, कहा- ‘अपने आंगन में सांप पालकर…’
पाकिस्तान के कराची में हुए आतंकी हमले का आरोप आसिम मुनीर ने भारत पर मढ़ दिया. पाकिस्तान आर्मी ने कहा कि इस हमले के पीछे भारत का हाथ है. उसके ही प्रॉक्सी संगठन ‘जमात-उल-अहरार’ ने इस हमले को अंजाम दिया है. पाकिस्तान की ओर से लगाए गए इस आरोप पर कांग्रेस ने जवाब दिया है.
कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने एक्स पर कहा कि पाकिस्तान को याद करना चाहिए, जो अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने 21 अक्टूबर 2011 को पाकिस्तान की विदेश मंत्री हिना रब्बानी खार से कहा था- ‘आप अपने घर के आंगन में सांप पालकर यह उम्मीद नहीं कर सकते कि वे सिर्फ़ आपके पड़ोसियों को ही काटेंगे. आखिरकार, वे सांप उसी इंसान को डसेंगे जिसने उन्हें अपने घर में पाला है.’
मनीष तिवारी ने पाकिस्तान को नसीहत देते हुए कहा कि अपने अंदर झांककर देखिए और दुनिया में आतंकवाद और आतंकवादियों को भेजना बंद कीजिए. उन्होंने कहा कि’डीप स्टेट’ का मतलब है कि असल समस्या आप लोग ही हैं.
पाकिस्तान आर्मी ने अपने बयान में क्या कहा?
पाकिस्तान के डीजी आईएसपीआर ने कराची हमले को लेकर एक्स पर पोस्ट कर कहा था, ’27 जून 2026 को कराची में पाकिस्तान रेंजर्स (सिंध) के कैंप पर भारत के प्रॉक्सी संगठन ‘जमात-उल-अहरार’ से जुड़े ख्वारिज ने एक कायराना आतंकवादी हमला किया. कैंप के मुख्य गेट पर धमाके के बाद हमलावरों ने घेरे की सुरक्षा को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन रेंजर्स के जवानों की सतर्क और दृढ़ कार्रवाई ने उनके नापाक मंसूबों को पूरी तरह नाकाम कर दिया. उन्होंने तीन आतंकियों को मार गिराया और एक घायल को पकड़ लिया, जो अफ़गान नागरिक है.’
पाकिस्तान सेना ने कबूल किया कि इस मुठभेड़ में देश के तीन जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया और ड्यूटी के दौरान शहादत प्राप्त की, जबकि 4 सैनिक घायल हो गए. पाक आर्मी ने कहा, ‘भारत-समर्थित किसी भी संगठन को खत्म करने के लिए ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं. साथ ही, पाकिस्तान की सिक्योरिटी फोर्सेज और कानून लागू करने वाली एजेंसियों का ‘अज़्म-ए-इस्तेहकाम’ विज़न के तहत आतंकवाद-विरोधी अभियान पूरी तेज़ी से जारी रहेगा, ताकि देश से विदेशी-समर्थित आतंकवाद के खतरे को पूरी तरह खत्म किया जा सके.’
बयान में आसिम मुनीर का भी किया गया जिक्र
पाकिस्तान अपने सैनिकों की शहादत का बदला लेने के लिए इस हमले को अंजाम देने वालों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा. डीजी आईएसपीआर ने बताया कि COAS और CDF आसिम मुनीर ने शहीद सैनिकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई है.
