‘हमें तो कंघे की जरूरत…’, ओम प्रकाश राजभर के बाल बढ़ाने वाले बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी पर सवाल उठाए और ईवीएम को लेकर सवाल उठाए. अखिलेश यादव ने कहा कि वो ईवीएम से जीतकर ईवीएम को ही हटाने का काम करेंगे. सपा मुखिया ने इस दौरान ओम प्रकाश राजभर के टोटका करने और बाल बढ़ाने करने वाले बयान पर भी पलटवार किया.
उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर चुनाव जीतने के लिए टोटका करने का आरोप लगाया है, जिस पर अखिलेश यादव ने अपने अंदाज में तंज कसा और उनके पुराने बयान का जिक्र कर कहा कि “मैं कुछ कह दूंगा तो खराब लग जाएगा किसी को.. ‘चल संन्यासी मन्दिर में..’ ये गाना किसका है, ये संन्यासी कौन था? जिनको कंघे की जरूरत नहीं है. हमें तो कंघे की जरूरत है.”
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस के साथ गठबंधन से लेकर यूपी चुनाव और ईवीएम को लेकर खुलकर अपनी बात रखी, उन्होंने ईवीएम के सवाल पर कहा कि “कल एक डेवलप कंट्री में बैलेट से वोट पड़ा, इंग्लैंड में कल बैलेट पर वोट पड़ा है. क्या हम इंग्लैंड से आगे है?
ईवीएम को लेकर अखिलेश ने उठाए सवाल
बैलेट से वोट पड़े ये हमारी मांग रही है. हमने लोकसभा चुनाव में ईवीएम से हराया है और ईवीएम से फिर हराकर, इवीएम को ही हटाएंगे. हमें किसी ने जिताया नहीं है. बीजेपी इतनी भोली नहीं है कि हमें जिता दें. ये उनका झूठा प्रचार है. सपा को हमारे कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने चुनाव जिताया है.
यूपी में एनसीआरबी के आंकड़ों पर सपा मुखिया ने कहा कि यूपी में जो आंकड़े आ रहे हैं वो सरकार के ही आंकड़े हैं. जो लोग जीरो टॉलरेंस की बात करते हैं उन्होंने ला एंड आर्डर जीरो कर दिया. ये भीड़वाद के अलावा कोई दूसरा काम नहीं करते. यूपी में सबसे ज्यादा घटनाएं दलितों के खिलाफ हो रही है.
चुनाव आयोग की भूमिका पर घेरा
सपा अध्यक्ष ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि आपको याद होगा 2022 में कई लोग वोट डालने पहुंचे लेकिन, उनका नाम ही हटा दिया. हमने तब एफिडेविट के साथ जवाब दिया लेकिन कार्रवाई नहीं हुई. उसी तरह बंगाल में भी बड़ी संख्या में लोगों को वोट नहीं डालने दिया गया.
डीएमके से कांग्रेस का गठबंधन टूटने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि हमने तो सिर्फ ये कहा कि मुश्किलों में साथ नहीं छोड़ा जाता. इसके साथ ही उन्होंने दावा किया उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन मजबूत रहेगा. बीजेपी के लोगों दरारवादी लोग है. ये झगड़ा लगाने वाले लोग है. इनके पास और कोई काम नहीं है.
