IPL खिताब जीतने के बाद प्रेमानंद महाराज के दरबार पहुंचे विराट कोहली, आश्रम से मिला विशेष उपहार बना चर्चा का विषय
New Delhi : आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली अपनी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा के साथ मंगलवार सुबह वृंदावन पहुंचे। दोनों ने प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहुंचकर उनका आशीर्वाद लिया और जीत के लिए आभार व्यक्त किया।
आश्रम से जुड़े सूत्रों के अनुसार विराट और अनुष्का सुबह करीब सात बजे चेहरे पर मास्क लगाए कार से वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीहित राधा केलि कुंज आश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। दोनों लगभग दो घंटे तक आश्रम में रहे।
आश्रम से बाहर निकलते समय विराट और अनुष्का के माथे पर चंदन और त्रिपुंड तिलक दिखाई दिया, जो संत परंपरा का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान आश्रम की ओर से उन्हें एक विशेष धार्मिक पुस्तक भी भेंट की गई, जिसे विराट अपने साथ लेकर जाते नजर आए। यही उपहार अब सोशल मीडिया और श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
प्रेमानंद महाराज के दर्शन के बाद दोनों ने स्वामी हित गोविंद शरण के आश्रम पहुंचकर भी उनका आशीर्वाद लिया। उल्लेखनीय है कि विराट और अनुष्का इससे पहले भी अप्रैल में अक्षय तृतीया के अवसर पर वृंदावन आए थे और प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की थी।
गौरतलब है कि विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने 31 मई को खेले गए आईपीएल फाइनल में गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी। इस ऐतिहासिक जीत के बाद विराट का वृंदावन पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लेना उनके आध्यात्मिक जुड़ाव को भी दर्शाता है।
