यूपी पंचायत चुनाव: आज जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, सभी मतदाताओं को मिलेगा स्टेट वोटर नंबर

यूपी पंचायत चुनाव: आज जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, सभी मतदाताओं को मिलेगा स्टेट वोटर नंबर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच राज्य निर्वाचन आयोग आज, 10 जून को अंतिम मतदाता सूची जारी करेगा। आयोग ने मतदाता सूची के प्रकाशन की तिथि पूर्व में पांच बार बढ़ाई थी, लेकिन इस बार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अंतिम सूची जारी की जा रही है। इसके साथ ही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया और संभावित कार्यक्रम को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने 23 दिसंबर को पंचायत चुनाव की अनंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की थी, जिसमें प्रदेश के करीब 12.69 करोड़ मतदाताओं के नाम शामिल किए गए थे। इससे पहले वर्ष 2021 की पंचायत चुनाव मतदाता सूची में 12.29 करोड़ मतदाता दर्ज थे।

करोड़ों मतदाताओं के नामों में हुआ बदलाव

अनंतिम सूची के अनुसार 1.81 करोड़ नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए थे। वहीं, 21.08 लाख मतदाताओं के विवरण में संशोधन किया गया था और 1.41 करोड़ नाम विभिन्न कारणों से सूची से हटाए गए थे।

दावे और आपत्तियों का निस्तारण पूरा

अनंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद आयोग ने दावे और आपत्तियां आमंत्रित की थीं। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनकी सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।

इसके अलावा अप्रैल और मई के दौरान मतदाता सूची में दर्ज डुप्लीकेट नामों की पहचान और सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया गया था। आयोग के अनुसार सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अब अंतिम मतदाता सूची प्रकाशन के लिए तैयार है।

पहली बार तकनीक का व्यापक इस्तेमाल

इस बार पंचायत चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग तकनीक का व्यापक उपयोग करने जा रहा है। सभी मतदाताओं को स्टेट वोटर नंबर (State Voter Number) जारी किए गए हैं और उनका फोटोयुक्त विवरण ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।

आयोग के मुताबिक नई व्यवस्था के तहत कोई भी व्यक्ति दो बार मतदान नहीं कर सकेगा। मतदान केंद्र पर मोबाइल एप के माध्यम से मतदाता का फोटो लेते ही उसकी मतदान स्थिति की जानकारी मिल जाएगी, जिससे फर्जी और दोहरे मतदान पर प्रभावी रोक लगाने में मदद मिलेगी।

चुनाव कार्यक्रम पर जल्द हो सकता है फैसला

अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद पंचायत चुनाव की तैयारियां और तेज होने की संभावना है। माना जा रहा है कि मतदाता सूची जारी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग चुनाव कार्यक्रम को लेकर भी जल्द निर्णय ले सकता है।

Leave a Reply