यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय इस सीट से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, कर दिया बड़ा ऐलान

यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय इस सीट से लड़ेंगे विधानसभा चुनाव, कर दिया बड़ा ऐलान
अजय राय

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी पार्टियां तैयारी में जुटी हुई है. कांग्रेस भी यूपी चुनाव में दमखम दिखाने को तैयार है. इस बीच यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के विधानसभा चुनाव लड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं. इस बीच अजय राय से किस सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर सवाल किया गया.

चुनाव लड़ने के सवाल पर अजय राय ने बताया, “अरे बनारस हमारा घर है. हम बनारस कैसे भूल जाएं. बिल्कुल चुनाव लड़ेंगे और डंके की चोट पर चुनाव लड़ेंगे और वही सीट पिंडरा जहां हमारा घर है, जहां से उदल पटेल 9 बार विधायक रहे थे. पिंडरा के आशीर्वाद से मैंने उन्हें हराया. उसके बाद सोनेलाल को दो बार हराया. इसके बाद निर्दलीय जीतकर बसपा सरकार को हराया और फिर 2012 में कांग्रेस से जीता.”

अजय राय ने पिंडरा से लड़ने का किया ऐलान

कांग्रेस अध्यक्ष ने पिंडरा से चुनाव लड़ने का फैसला किया है. इस बीच उन्होंने बताया, “इस बार पिंडरा का एकतरफा चुनाव रहेगा. पिंडरा की जनता हमारे साथ खड़ी है. निश्चित तौर पिंडरा हमारा घर है और मैं पिंडरा से चुनाव लड़ूंगा.”

वहीं बीजेपी के बाद निर्दलीय और फिर आजादी के बाद कांग्रेस का दामन थामने के सवाल पर अजय राय ने कहा, “साल 1952 से लेकर 1996 तक जिस सीट से मैं जीता हूं वहां पर न कभी जनसंघ जीती और न कभी बीजेपी जीती. वहां पर जनसंघ और बीजेपी बुरी तरह से हारी है और उनकी जमानत जब्त हुई है.”

अजय राय ने आगे बताया, “1996 में बीजेपी पहली बार पिंडरा में चुनाव जीती और वहां पर अजय राय चुनाव जीता. वह मेरा व्यक्तिगत चुनाव था. मैंने दिन रात 3 साल तक मेहनत करके और लोगों का दिल जीतकर मैं आया.”

उन्होंने आगे कहा, “जब तक अटल बिहारी वाजपेयी की बीजेपी थी, तब तक बीजेपी के पास दम था और कार्यकर्ताओं का विश्वास था. जिस दिन वाजपेयी बिस्तर पर गए और गुजरात की कंपनी आई और उसकी सरकार चलने लगी उस दिन कार्यकर्ताओं का महत्व खत्म हो गया.”

कॉर्पोरेट की तरह चल रही है बीजेपी- अजय राय

आजतक के मंच पर बात हुए उन्होंने आगे यह भी कहा, “अब बीजेपी कॉर्पोरेट की तरह चल रही है. वहां पर अब कार्यकर्ता दरी बिछाने वाला, चादर बिछाने वाला बचा है. बीजेपी में अब कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से बाहर खड़ा कराया जाता है और गुजरात के लोगों को वहां महत्व मिलता है. जब कार्यकर्ताओं का महत्व खत्म हो गया तो अजय राय ने भी सोचा कि जब कार्यकर्ता ही नहीं रहेगा तो क्या फायदा.”

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, “आज मेरे साथ कार्यकर्ता खड़े हैं वह इसलिए क्योंकि मैं कार्यकर्ताओं के साथ खड़ा रहता हूं. लड़ता हूं और संघर्ष करता हूं. जब बीजेपी कार्यकर्ताओं को भूल गई तो हम भी बीजेपी को भूल गए और छोड़ दिया.” सीएम योगी पर बोलते हुए अजय राय ने कहा कि उन्होंने मुझे आरोपित कर दिया कि मैं बाबा विश्वनाथ का भक्त हूं. काशी से आता हूं. ‘हर-हर महादेव’ वहां होता है.

Leave a Reply