UP Board Result 2026: आज शाम 4 बजे आएगा यूपी बोर्ड का रिजल्ट
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं का परिणाम गुरुवार शाम 4 बजे जारी करेगा। इस साल कुल 50.93 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे, जिनमें से 2.87 लाख ने परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया।
परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in और डिजिलॉकर results.digilocker.gov.in पर उपलब्ध होगा। साथ ही, छात्रों के अंकपत्र और प्रमाणपत्र भी डिजिलॉकर पर जारी कर दिए जाएंगे।
हाईस्कूल में 26.02 लाख और इंटरमीडिएट में 24.91 लाख परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 के बीच 8033 केंद्रों पर आयोजित हुईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से 4 अप्रैल तक 254 केंद्रों पर पूरा किया गया।
इस बार बोर्ड ने प्रयागराज, मेरठ, बरेली, वाराणसी और गोरखपुर में पायलट प्रोजेक्ट के तहत मूल्यांकन अंक ऑनलाइन पोर्टल पर भी दर्ज कराए। इसी कारण, मूल्यांकन की समय-सीमा बढ़ने के बावजूद परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में दो दिन पहले जारी हो रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 में परिणाम 25 अप्रैल को घोषित किया गया था। इस बार परिणाम के साथ ही राज्य स्तरीय टॉपर्स की मेरिट सूची भी जारी की जाएगी।
