अब PM मोदी के भाषण पर भी कांग्रेस को आपत्ति, कांग्रेस MP ने SC में दायर की याचिका

अब PM मोदी के भाषण पर भी कांग्रेस को आपत्ति, कांग्रेस MP ने SC में दायर की याचिका

दूरदर्शन पर PM Modi के भाषण के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की गई है। कांग्रेस सांसद टीएन प्रथापन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। उन्होंने आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए ये अर्जी दायर की है। इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि भाषण का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और संसद टीवी पर किया गया था। ये दोनों ही पूरी तरह से सरकारी खजाने से वित्त पोषित हैं और सरकार के नियंत्रण में काम करते हैं।

आदर्श संहिता के उल्लंघन का आरोप

याचिका के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने 18 अप्रैल की रात साढ़े 8 बजे नारी शक्ति वंदन विधेयक से संबंधित राजनीतिक घटनाक्रम के तुरंत बाद भाषण दिया, जिसमें उन्होंने कई विपक्षी दलों की नाम लेकर आलोचना की। याचिका में आरोप लगाया गया है कि सक्रिय चुनाव अवधि के दौरान विपक्षी दलों की आलोचना करने के लिए सरकार की तरफ से नियंत्रित टेलीविजन चैनलों का दुरुपयोग किया गया, जिसे प्रथापन ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया है।

पार्टियों का नाम लेने पर सांसद की आपत्ति

कांग्रेस सांसद की याचिका में कहा गया है कि अपने भाषण में प्रधानमंत्री ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, डीएमके और समाजवादी पार्टी सहित तमाम दलों का जिक्र किया और उनकी आलोचना की। उन पर नारी शक्ति वंदन प्रस्ताव का विरोध करने का आरोप लगाया और मतदाताओं से उन्हें जवाबदेह ठहराने का आग्रह किया।

कांग्रेस MP ने की कार्रवाई की मांग

केरल से कांग्रेस सांसद टीएन प्रथापन ने अपनी याचिका में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 18 अप्रैल के राष्ट्र संबोधन के लिए चुनाव आयोग को उनके खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश देने की मांग की।

संबोधन में विपक्ष पर किया था प्रहार

गौरतलब है कि PM मोदी ने बीते 18 अप्रैल राष्ट्र को संबोधित किया था। उनकी यह स्पीच लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक से जुड़े 131वें संविधान संशोधन विधेयक के पारित नहीं हो पाने के बाद दी गई थी। इस संबोधन में पीएम मोदी ने विपक्ष पर जमकर प्रहार किया था।


Leave a Reply