कुतुबशेर पुलिस के हत्थे चढ़े हत्या के प्रयास के दो वांछित आरोपी
सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे का पाईप बरामद करने में सफलता हासिल कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार विगत दिवस वादी सानू पुत्र पपन उर्फ शिवकुमार निवासी पुराना तेल मील के पास शारदानगर थाना कुतुबशेर ने थाने में लिखित तहरीर देकर बताया था कि आरोपी जोनी पुत्र गोल्डी निवासी शारदानगर थाना कुतुबशेर ने उसके घर में घुसकर सामान चोरी कर जाते समय उसका पीछा करने पर उसके साथ मारपीट कर तथा गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी तथा उसे छुड़ाने आई उसकी ताई श्रीमती मझला रानी के साथ मारपीट, गालीगलौच कर जान से मारने की धमकी दी थी।
इसी मामले में मौके पर गई पुलिस के दो आरक्षियों गौरव कुमार व सुमित कुमार के साथ जोनी पुत्र गोल्डी व रघुवीर सिंह पुत्र श्रवण सिंह निवासीगण शारदानगर थाना कुतुबशेर ने ड्यूटी के दौरान गालीगलौच कर मारपीट व आरक्षी सुमित पर लोहे के पाईप से जान से मारने की नीयत से हमला कर घायल करने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले में आज थाना कुतुबशेर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी व उपनिरीक्षक शशांक गिरि ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों जोनी व रघुवीर सिंह पुत्रगण गोल्डी उर्फ श्रवण निवासीगण शारदा नगर थाना कुतुबशेर को लेबर कालोनी के मोड़ पर कूड़े के ढेर के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का पाईप सर्किट हाउस के पास से खंडहर में बने कमरे से बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोयिों चालान काटकर जेल भेज दिया।
