सहारनपुर में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा, 32 लाख रुपये की नकदी के साथ बाप-बेटे गिरफ्तार

सहारनपुर में अवैध हथियारों की तस्करी का खुलासा, 32 लाख रुपये की नकदी के साथ बाप-बेटे गिरफ्तार
मिर्जापुर थाना पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपी और बरामद अवैध हथियार व नकदी।

मिर्जापुर पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई, चार अवैध बंदूकें, 111 कारतूस, तीन मोबाइल और हुंडई वेन्यू कार बरामद

एक अक्टूबर को इसी गिरोह के तीन आरोपी पकड़े गए थे, पुराने मुकदमे में वांछित चल रहे थे दोनों आरोपी

सहारनपुर। अवैध हथियारों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसटीएफ और मिर्जापुर थाना पुलिस ने बाप-बेटे को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध बंदूकें, 111 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और 32 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की एक हुंडई वेन्यू कार भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी इसी गिरोह से जुड़े एक पुराने मुकदमे में वांछित चल रहे थे।

शनिवार को मिर्जापुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि एक अक्टूबर 2026 को थाना मिर्जापुर पुलिस और एसटीएफ मेरठ की संयुक्त टीम ने इसी गिरोह के तीन आरोपियों को अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 318/26 के तहत आयुध अधिनियम की धाराओं 3/4/5/25/25(8) और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 61(2)/3(5) में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया था।

मुखबिर की सूचना पर खारा पावर हाउस के पास गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, पुराने मुकदमे में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने खारा पावर हाउस के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हसन पुत्र मोहम्मद आरिफ और अहतशाम पुत्र हसन, निवासी ग्राम मिर्जापुर पोल, थाना मिर्जापुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आपस में पिता-पुत्र हैं।

चार बंदूकें, 111 कारतूस और 32 लाख रुपये बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध डीबीबीएल 12 बोर बंदूकें और 12 बोर के 111 जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और ट्रॉली बैग में रखे 32 लाख रुपये नकद भी मिले। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की गहरे नीले रंग की हुंडई वेन्यू कार भी बरामद की है, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।

पुलिस का कहना है कि अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार, उपनिरीक्षक नरेश कुमार, कांस्टेबल सतीश कुमार तथा हेड कांस्टेबल अमरदीप, ललित तोमर, अमित राठी, धर्मेंद्र, दीपक शर्मा और कांस्टेबल पंकज कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply