यमुना पुल पर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई कार, टला बड़ा हादसा
पिछला पहिया टूटने से बिगड़ा संतुलन, नदी में गिरने से बाल-बाल बची वैगनआर; चालक सुरक्षित
सरसावा। शाहजहांपुर यमुना पुल पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। हरियाणा की ओर से सहारनपुर आ रही वैगनआर कार का पिछला पहिया अचानक टूट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे के दौरान कार यमुना नदी में गिरने से बाल-बाल बची। गनीमत रही कि चालक सुरक्षित रहा और उसे कोई चोट नहीं आई। हालांकि, दुर्घटना में कार क्षतिग्रस्त हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 9:45 बजे सफेद रंग की वैगनआर कार (नंबर DL14CD/3317) हरियाणा की ओर से आ रही थी। बताया जा रहा है कि चालक अपने परिचितों को यमुना पुल पार छोड़ने के बाद सहारनपुर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान जब कार यमुना पुल पर पहुंची तो उसका पिछला पहिया अचानक टूट गया। पहिया टूटते ही चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन डिवाइडर से जा टकराया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शाहजहांपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र पाल तोमर और उपनिरीक्षक रामप्रकाश शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और चालक से दुर्घटना के संबंध में जानकारी ली।
कार के यमुना नदी में गिरने की आशंका से बड़ा हादसा हो सकता था, लेकिन संयोगवश वाहन डिवाइडर से टकराकर रुक गया। चालक के सुरक्षित बचने से लोगों ने राहत की सांस ली।
