‘मैं नरेंद्र मोदी, RSS से एक दशक से लड़ रहा हूं’, राहुल बोले- ‘हर चाल से वाकिफ हूं’
लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक वीडियो शेयर करते हुए आरएसएस और पीएम मोदी को निशाने पर लिया है. राहुल ने कहा है कि नरेंद्र मोदी, RSS और इनसे जुड़े लोगों के खिलाफ एक दशक से भी ज्यादा समय से लड़ रहा हूं. मैं अपने विरोधियों को उतनी अच्छी तरह समझता हूं, जितना कोई भी अपने प्रतिद्वंद्वी को समझता है. मैं इन्हें अंदर तक जानता हूं, इनकी हर चाल से वाकिफ हूं.’
राहुल बोले- इनकी पहचान ‘कायरता’
राहुल गांधी ने निशाना साधते हुए वीडियो में आगे कहा, ‘इन लोगों की सबसे बड़ी पहचान है – कायरता. नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार, अजीत डोभाल – इस कहानी के खलनायक – अब धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं. इनके चारों तरफ से दायरा सिमट रहा है.
हम आपको चारों तरफ से घेर रहे: राहुल गांधी
राहुल ने कहा, ‘जो करना है, कर लीजिए. जितनी पुलिस बुलानी है, बुला लीजिए – 10 हजार, 20 हजार, 50 हजार, जितनी चाहें बुला लीजिए. सारे नेताओं को गिरफ्तार कर लीजिए. सारे युवाओं को गिरफ्तार कर लीजिए. हम सबको गिरफ्तार कर लीजिए. घबराइये मत – हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं, और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं. मेरी बात याद रखिए – हमें जो जानकारी चाहिए, वह हमारे पास पहले से है.
हम सुनिश्चित करेंगे कि इन्हें शिकस्त कैसे मिले: राहुल गांधी
राहुल ने कहा, ‘हम अपने संविधान की रक्षा करेंगे. हम हिंदुस्तान की जनता की आवाज की हिफाजत करेंगे. और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछले 10-15 सालों में हिंदुस्तान के साथ जो हुआ है, वह दोबारा कभी, किसी भी सूरत में न हो. हिंदुस्तान के युवाओं, मुझे आप पर गर्व है. अपना विरोध जारी रखिए. हम आपके साथ खड़े हैं. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस सरकार और हमारे संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त मिले.’
बीजेपी बोली- राहुल, इमरजेंसी की बात हमसे न करें
राहुल के वीडियो से पहले बीजेपी ने आज उनको जमकर घेरा है. रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि वे (राहुल गांधी) इमरजेंसी की बात न करें. क्योंकि उनकी दादी के बारे में पूरी दुनिया जानती है. लोगों ने अराजकता को नकार दिया है.
