CJP के प्रदर्शन पर नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला, बोले- राहुल गांधी के मंसूबे…
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है और इसके पीछे दो अराजकतावादी समूह काम कर रहे हैं. नितिन नवीन ने एक समूह का नेतृत्व राहुल गांधी के नेतृत्व वाले इंडिया गठबंधन और दूसरे का नेतृत्व अरविंद केजरीवाल के सहयोगियों तथा कॉजपा से जोड़ते हुए कहा कि देश की जनता विपक्ष के इन कथित इरादों को देख रही है. उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी दलों को चेतावनी देते हुए कहा कि उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे.
देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रहे दो समूह: नितिन नवीन
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता शांति के साथ भारत के विकास में योगदान दे रही है, लेकिन कुछ ताकतें इस स्थिति को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं. उनके मुताबिक, विपक्षी दलों के बीच देश में अस्थिरता पैदा करने की प्रतिस्पर्धा चल रही है. उन्होंने कहा कि जनता ने जिन राजनीतिक दलों को नकार दिया है, उन्हें लोकतांत्रिक फैसले से सीख लेनी चाहिए थी, लेकिन वे इसके बजाय देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं. नितिन नवीन ने कहा कि देश की जनता विपक्ष की राजनीति और उसके उद्देश्यों को समझ रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक उद्देश्य के साथ-साथ विदेशी ताकतों के इशारे पर भी देश को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है.
‘भारत की तरक्की विपक्ष को पच नहीं रही’
नितिन नवीन ने कहा कि वैश्विक संकटों के बावजूद भारत लगातार प्रगति कर रहा है. देश आत्मनिर्भर और सशक्त बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष को भारत की विकास यात्रा और तरक्की स्वीकार नहीं हो रही है. उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र और राष्ट्रभक्त नागरिकों में इतनी ताकत है कि वे ऐसी ताकतों के मंसूबों को सफल नहीं होने देंगे. भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश को भय के वातावरण से बाहर निकालने, आतंकवाद को जड़ से खत्म करने और नक्सलवाद से मुक्त कराने के प्रयास किए गए हैं. हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि अब भी कुछ लोग शहरी नक्सलवाद की मानसिकता के साथ देश को अस्थिर करने में लगे हैं. उन्होंने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनके मंसूबे कभी पूरे नहीं होंगे.
राहुल गांधी और कॉजपा के बयानों पर भी जताई आपत्ति
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल, इंडिया गठबंधन के नेताओं और कॉजपा के युवा नेतृत्व की ओर से दिए जा रहे बयानों पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि भारत का युवा भारतीय संस्कृति और लोकतंत्र से जुड़ा है तथा संविधान के प्रति उसकी प्रतिबद्धता है. नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की ओर से इस्तेमाल किए जा रहे शब्द देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि संवैधानिक ढांचे और लोकतंत्र को चुनौती देने तथा देश के सर्वोच्च संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने को जनता स्वीकार नहीं करेगी. उनके मुताबिक, ऐसे कृत्यों के लिए विपक्ष को राजनीतिक रूप से जवाब देना पड़ेगा.
‘झूठ के सहारे लोकतंत्र को चुनौती देना जनादेश का अपमान’
नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि विपक्ष झूठ के सहारे संविधान के नाम पर लोकतंत्र को चुनौती दे रहा है, जो जनादेश का अपमान है. उन्होंने कहा कि जनता ने जिस नेतृत्व पर भरोसा जताया है, वही देश का नेतृत्व कर रहा है. उन्होंने विपक्षी दलों की विभिन्न राज्यों में हुई हार का जिक्र करते हुए कहा कि इससे उनकी हताशा दिखाई देती है. उनके आरोप के मुताबिक, विपक्ष देश को शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ने देने के बजाय तनाव की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहा है.
सरकार और भाजपा कार्यकर्ता कड़ाई से देंगे जवाब
भाजपा अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि भारत सरकार ऐसी गतिविधियों से कड़ाई से निपटेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता भी जनता के बीच रहकर देश को अस्थिर करने के कथित प्रयासों को रोकने का काम करेंगे. नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के निर्माण के लिए काम कर रहे हैं और उन्हें देश की 140 करोड़ जनता का विश्वास मिल रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा देश के विकास के प्रति प्रतिबद्ध है और जनता के भरोसे को बनाए रखते हुए विकसित भारत के सपने को आगे बढ़ाएगी. उन्होंने अंत में कहा कि देश के भीतर या विदेश में मौजूद ऐसी ताकतों से सख्ती से निपटा जाएगा, जो भारत को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं.
