‘कुछ छिपाने की कोशिश…’, PM मोदी की बचत की अपील पर क्या बोले सचिन पायलट?

‘कुछ छिपाने की कोशिश…’, PM मोदी की बचत की अपील पर क्या बोले सचिन पायलट?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई) को नागरिकों से ईंधन बचाने, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने, वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था को फिर से शुरू करने, एक साल तक सोना नहीं खरीदने, गैर-जरूरी वस्तुओं की खरीदारी और विदेश यात्राओं से बचने की अपील की. वहीं इस पर अब राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट का बयान सामने आया है.

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा, “ये सारी बातें जो प्रधानमंत्री एक जनसभा में की हैं, मेरा मानना ​​है कि पूरे संसद को विश्वास में लिया जाना चाहिए कि असल में क्या हुआ, चल रहे युद्ध और वैश्विक स्थिति पर हमारा क्या रुख है. हमारी मौजूदा स्थिति क्या है, इसका खुलासा किया जाना चाहिए. चुनाव खत्म होने के बाद कीमतें बढ़ रही हैं. आपको आंकड़ों के साथ यह समझाना होगा कि भारत की स्थिति क्या है.”

क्या कुछ छिपाने की कोशिश हो रही- पायलट

उन्होंने कहा, “तेल की कीमतें भी स्थिर हैं, तो फिर असल में हुआ क्या है? क्या कुछ छिपाने की कोशिश की जा रही है? एहतियात बरतने के लिए सुझावों की एक सूची दी गई है. सच्चाई सबके सामने आनी चाहिए.”

पीएम मोदी ने क्या अपील की?

बता दें कि रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने सिकंदराबाद के परेड ग्राउंड में बीजेपी की एक जनसभा को संबोधित किया, जिसमें उन्होंने वैश्विक आर्थिक व्यवधानों, आपूर्ति श्रृंखला चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के कारण बढ़ती कीमतों का सामना करने में भारत की मदद के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया.

‘प्राणों का बलिदान देना ही देशभक्ति नहीं’

उन्होंने देश को इन चुनौतियों से उबरने में मदद करने के लिए नागरिकों को कई उपाय सुझाते हुए इस बात पर जोर दिया कि देशभक्ति केवल देश के लिए प्राणों का बलिदान देना ही नहीं है, बल्कि कठिन समय में जिम्मेदारी से जीना और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पालन करना भी है.

‘विदेशी मुद्रा की बचत पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए’

पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान स्थिति में, देश को विदेशी मुद्रा की बचत पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए. पेट्रोल-डीजल पूरी दुनिया में बेहद महंगे हो गए हैं, इसलिए ईंधन बचाना और इस तरह पेट्रोल और डीजल खरीदने पर खर्च होने वाली विदेशी मुद्रा को बचाना हमारी जिम्मेदारी है.

Leave a Reply