सत्ता परिवर्तन यात्रा से पहले चंद्रशेखर आजाद नजरबंद, आवास के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा

सत्ता परिवर्तन यात्रा से पहले चंद्रशेखर आजाद नजरबंद, आवास के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा

उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को बिजनौर में पुलिस प्रशासन ने उनके आवास पर नजरबंद कर दिया है। यह कार्रवाई पार्टी की प्रस्तावित ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’ और रैली से ठीक पहले की गई है।

जानकारी के अनुसार, बिजनौर के धामपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद के आवास के आसपास भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घर आने-जाने वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही है और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है।

दरअसल, आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की ओर से बिजनौर के नुमाइश मैदान में सत्ता परिवर्तन रैली आयोजित की जानी थी, जहां से यात्रा की शुरुआत होनी थी। हालांकि, पुलिस की इस कार्रवाई के बाद कार्यक्रम पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रशासन पर यात्रा को बाधित करने का आरोप लगाया है और इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है।

वहीं, इस पूरे मामले में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि हाल ही में चंद्रशेखर आजाद ने प्रदेशव्यापी सत्ता परिवर्तन यात्रा की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि यह यात्रा बेरोजगारी, बिजली दरों में बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, महिलाओं की सुरक्षा और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को लेकर निकाली जा रही है। उन्होंने दावा किया था कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों तक पहुंचकर जनता के बीच अपनी बात रखेगी और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Leave a Reply