यूपी के इस मुस्लिम शख्स ने सीएम योगी को दिया आशीर्वाद, कहा- ‘हम हज कर के आए हैं, आपको…’
उत्तर प्रदेश के नोएडा में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन आज से शुरू हो चुका है. नोएडा से सुबह पहली उड़ान में जेवर के किसान शामिल थे जिनकी जमीन एयरपोर्ट के लिए अधिग्रहित की गयी थी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ पहुंचने पर सभी किसानों से संवाद किया. इस दौरान हाजी जफरू नेता ने सीएम योगी से कहा, “हम हज करके आए हैं, आपको आशीर्वाद देते हैं.” उन्होंने मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आपकी वजह से हमारे क्षेत्र में एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बना, फिल्म सिटी बनी , बहुत बड़ी-बड़ी कंपनियां क्षेत्र में लग रहीं हैं, जिससे बच्चों को रोजगार मिल रहा है.
हाजी जफरू नेता ने स्थानीय विधायक धीरेन्द्र सिंह की भी मुख्यमंत्री के सामने जमकर तारीफ की और कहा कि इन्होंने खूब मेहनत की और लोगों के घर-घर जाकर परमिशन ली.आज उस मेहनत का परिणाम हमारे सामने है. उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए भी सीएम योगी को धन्यवाद दिया.
सीएम योगी ने जेवर के किसानों से संवाद किया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पहली उड़ान में नोएडा से लखनऊ आए किसानों से संवाद किया और उनका अनुभव पूछा. जिसमें किसानों ने यूपी सरकार के कार्यों की सराहना. किसानों ने अधिग्रहण प्रक्रिया, मुआवजे और सरकार द्वारा उनके लिए चलाई गयीं योजनाओं को सराहा. इससे पहले महिला डॉक्टर हीरा राशिद ने भी सीएम योगी को धन्यवाद देते हुए उनके पीएम बनने की शुभकामना दी.
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू
यहां बता दें कि 28 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था. जिसके बाद आज 15 जून से यहां से परिचालन शुरू हो गया. जल्द ही यहां से 16 शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होगी. इस एयरपोर्ट के बनने से पश्चिमी यूपी में विकास की रफ्तार कई गुना बढ़ जाएगी. इसके अलावा यहां से कई और विकास के प्रोजेक्ट हैं उन्हें और बढ़त मिलेगी.
