एशिया में सबसे गर्म है यूपी का यह जिला! 48 डिग्री के करीब पहुंच गया पारा, हीट का रेड अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश इन दिनों गर्मी से बेहाल है और ये कहर आने वाले दिनों में बढ़ने वाला है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए 20 मई को भीषण गर्मी और लू को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है. इसके साथ ही लोगों को लू से बचने की सलाह दी गई है.
सोमवार (19 मई) को यूपी के कई जिलों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया. पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण लू की स्थिति देखने को मिली. झांसी और आगरा समेत कई जिलों में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तामपान दर्ज किया गया, जबकि बांदा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बताया जा रहा है कि बांदा केवल देश का ही नहीं, बल्कि पूरे एशिया का सबसे गर्म इलाका बन गया है.
कैसा रहा पिछले 24 घंटों का तापमान?
पिछले 24 घंटों में यूपी में अधिकतम तापमान सामन्य से अधिक 3.1 डिग्री सेल्सियस से 5.0 डिग्री सेल्सियस था. पूर्वी उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर तीव्र लू और गर्म रात भी दर्ज की गई. इसके अलावा, उत्तर प्रदेश के दोनों मौसम संभागों में कुछ स्थानों पर तेज झोंकेदार हवाएं भी दर्ज की गईं. उत्तर प्रदेश में आज से लू की स्थिति और बिगड़ने का अनुमान है. ऐसे में लोगों आवश्यक होने पर ही घर से निकलने की सलाह दी गई है.
आज कितना रहेगा?
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, यूपी में आज आसमान साफ रहने वाला है. अधिकतम तापमान 41 से 48 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई है. मौसम के शुष्क रहने की सबसे अधिक संभावना है. पूरे राज्य में जमीन पर तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 20 से 30 किमी/घंटा रहने का अनुमान है और ये झोंको के साथ 40 किमी/घंटा तक जाने का संभावना है. उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में कई जगहों पर लू से लेकर भीषण लू चलने की बहुत अधिक संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ अलग-अलग जगहों पर रातें गर्म रहने की बहुत अधिक संभावना है.
19-22 मई तक कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने गंगा के मैदानी इलाकों के साथ ही दक्षिणी यूपी और पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में 19 से 22 मई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि इन इलाकों तेज गर्मी, हीटवेव और तेज हवाएं चल सकती हैं. इनमें प्रभावित जिले हैं- आगरा, इटावा, ओरैया, कानपूर देहात, कानपुर नगर, जालौन, महोबा, झांसी, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, बलिया शामिल हैं.
19 से 25 मई तक कैसा रहेगा मौसम
IMD का अनुमान है कि 19 से 25 मई के दौरान यूपी में तेज सतही हवाएं चलेंगी, जिनकी गति 20 से 30 किमी/घंटा रहने का अनुमान है. धूल भरी आंधी की स्थिति में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार तक जा सकती है. इस दौरान पश्चिमी यूपी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में लू की स्थिति बनी रहेगी. IMD का अनुमान है कि पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड, मध्य यूपी और पूर्वांचल तक तेज धूप, गर्म हवाएं परेशान करेंगी. रात में भी लोगों को उमस और गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने की संभावना है.
