“50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेल रहे, अब वे और नहीं हंस पाएंगे”, ईरान पर फिर भड़के ट्रंप, प्रस्ताव को ठुकराया

“50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेल रहे, अब वे और नहीं हंस पाएंगे”, ईरान पर फिर भड़के ट्रंप, प्रस्ताव को ठुकराया

अमेरिका और ईरान के बीच पिछले कई महीनों से जारी तनाव कम होने के संकेत नहीं मिल रहे हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को “पूरी तरह अस्वीकार्य” बताते हुए खारिज कर दिया है। हालांकि, प्रस्ताव के बारे में उन्होंने कोई और जानकारी नहीं दी। ट्रंप के इस रुख के बाद एक प्रमुख रिपब्लिकन नेता ने अब ईरान के खिलाफ सैन्य विकल्प पर विचार करने का आग्रह किया।

“वे अब और नहीं हंस पाएंगे”

ट्रंप को रविवार को ईरान का प्रस्ताव मिला। उम्मीद थी कि इससे ईरान के साथ 28 फरवरी को शुरू हुए युद्ध को समाप्त करने में कोई सफलता मिल सकती है। इस युद्ध ने वैश्विक तेल आपूर्ति के महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है, जिससे कई देशों में ईंधन की कमी हो गई है। ट्रंप ने रविवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “ट्रुथ सोशल” पर लिखा, “मैंने अभी ईरान के तथाकथित ‘प्रतिनिधियों’ का जवाब पढ़ा है। मुझे यह पसंद नहीं आया- पूरी तरह अस्वीकार्य! वे लगभग 50 वर्षों से अमेरिका के साथ खेल खेल रहे हैं, लेकिन अब वे और नहीं हंस पाएंगे।”

मीडिया आउटलेट ‘एक्सियोस’ से बात करते हुए ट्रंप ने प्रस्ताव की डिटेल जानकारी देने से इंकार कर दिया, लेकिन यह कहा, “मुझे उनका पत्र पसंद नहीं आया। यह अनुचित है। मुझे उनकी प्रतिक्रिया भी पसंद नहीं आई।” उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे पर उनकी इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से लंबी बातचीत हुई है।

सैन्य कार्रवाई की मांग

ईरान के अड़ियल रुख को देखते हुए रिपब्लिकन सीनेटर लिंडसे ग्राहम ने ट्रंप को सैन्य विकल्प पर विचार करने की सलाह दी है। ग्राहम ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय शिपिंग पर हमलों और अमेरिकी सहयोगियों को निशाना बनाए जाने के बाद अब “रास्ता बदलने” का समय आ गया है। उन्होंने ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम प्लस’ (Strait of Hormuz में नौसैनिक ऑपरेशन) को फिर से शुरू करने का संकेत दिया।

गौरतलब है कि 28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे कई देशों में ईंधन का संकट पैदा हो गया है। हालांकि 8 अप्रैल से युद्धविराम लागू है, लेकिन स्थायी शांति के लिए अमेरिका और ईरान के बातचीत नतीजे पर नहीं पहुंच रही है।

Leave a Reply