‘…तो हम लगाएंगे 100 परसेंट टैरिफ’, डोनाल्ड ट्रंप ने इन देशों को दी धमकी, कहा- सब डील हो जाएंगी कैंसिल

‘…तो हम लगाएंगे 100 परसेंट टैरिफ’, डोनाल्ड ट्रंप ने इन देशों को दी धमकी, कहा- सब डील हो जाएंगी कैंसिल

डिजिटल सर्विस टैक्स (DST) को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अब दुनिया के कई देशों को सीधी धमकी दी है. उन्होंने कहा कि जो भी देश अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों पर ये टैक्स लगाएगा, उसे अमेरिका को किए जाने वाले एक्सपोर्ट पर 100 फीसदी टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है. ट्रंप ने कहा कि ऐसे टैक्स मौजूदा ट्रेड एग्रीमेंट को खत्म कर देंगे.

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि जो देश अमेरिकी कंपनियों पर डिजिटल सर्विस टैक्स लगाएंगे, उन्हें कड़े जवाबी टैरिफ का सामना करना पड़ेगा. उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ने पर मौजूदा डील रद्द कर दी जाएगी. बता दें कि डिजिटल सर्विसेज टैक्स उन बड़ी डिजिटल कंपनियों की कमाई पर लगाया जाने वाला टैक्स है जो ऑनलाइन विज्ञापन, डिजिटल मार्केटप्लेस और यूजर डेटा से पैसा कमाती हैं.

यूरोपीय देशों का क्या है तर्क?

कई यूरोपीय देशों ने ऐसे टैक्स लागू किए हैं या अभी उनका प्रस्ताव रखा है. यूरोपीय देशों का तर्क है कि मल्टीनेशनल टेक्नोलॉजी कंपनियों को उस जगह ज़्यादा टैक्स देना चाहिए जहां वे कमाई करती हैं. अमेरिका लंबे समय से इन चीजों का विरोध करता रहा है. अमेरिका का कहना है कि डिजिटल सर्विस टैक्स के जरिए गूगल, ऐप्पल, मेटा, अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट जैसी अमेरिकी कंपनियों को खास तौर पर निशाना बनाया जा रहा है.

डिजिटल सर्विस टैक्स अब भी अनसुलझा 

ट्रंप की ये ताजा चेतावनी ऐसे समय में आई है जब इस साल की शुरुआत में एक बड़े ट्रेड एग्रीमेंट पर सहमति बनने के बावजूद वॉशिंगटन और यूरोपीय देशों की सरकारें डिजिटल टैक्स को लेकर एक राय नहीं बना पाई हैं. ट्रांस-अटलांटिक ट्रेड संबंधों में डिजिटल सर्विस टैक्स अब भी अनसुलझे अहम मुद्दों में से एक है.  अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा है कि जो भी देश ऐसा टैक्स लागू करेगा, उसे अमेरिका को एक्सपोर्ट किए जाने वाले सभी सामानों पर 100 फीसदी टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है, चाहे मौजूदा या भविष्य में कोई भी ट्रेड एग्रीमेंट क्यों न हो.

ब्रिटेन और फ्रांस को भी दी थी धमकी

ट्रंप ने बार-बार उन देशों के खिलाफ ट्रेड एक्शन की धमकी दी है जिन्होंने डिजिटल सर्विस टैक्स लागू किया है. इस साल की शुरुआत में उन्होंने ब्रिटेन को चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने बड़ी अमेरिकी टेक्नोलॉजी कंपनियों पर 2 फीसदी डिजिटल टैक्स लगाया तो उन पर भी टैरिफ लगाए जाएंगे. साथ ही उन्होंने फ्रांस को भी धमकी दी थी कि अगर उन्होंने अपना डिजिटल टैक्स वापस नहीं लिया तो उनकी वाइन पर 100 फीसदी टैरिफ लगाया जाएगा.

Leave a Reply