‘नई टीम PM मोदी के मार्गदर्शन में संगठन को नई गति देगी’, BJP अध्यक्ष नितिन नबीन का रिएक्शन
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में स्मृति ईरानी और वसुंधरा राजे समेत कई प्रमुख नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। टीम के गठन के बाद नितिन नबीन ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए भरोसा जताया कि यह टीम संगठन को नई मजबूती देगी।
‘अनुभव और ऊर्जा से समृद्ध है नई टीम’
नितिन नबीन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में अनुभव और ऊर्जा का बेहतर संतुलन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में नई टीम संगठन को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी कार्यकर्ता भाव से संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे और ‘विकसित भारत’ के संकल्प तथा राष्ट्रसेवा के ध्येय को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
स्मृति ईरानी और वसुंधरा राजे को बड़ी जिम्मेदारी
बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। नई टीम में कई अन्य अनुभवी और युवा चेहरों को भी जगह मिली है।
नितिन नबीन की नई टीम को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी में युवा और अनुभवी नेताओं के बीच संतुलन बनाने पर भी जोर दिया गया है।
‘विकसित भारत’ के संकल्प पर जोर
बीजेपी अध्यक्ष ने नई टीम से संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ राष्ट्रसेवा के एजेंडे को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई है। उनका संदेश साफ है कि नई राष्ट्रीय टीम प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए काम करेगी।
