शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के सिविल इंजीनियरिंग विभाग का सर्वे कैंप 2026 सफलतापूर्वक संपन्न
गंगोह : शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के सिविल इंजीनयरिंग विभाग द्वारा भारत के हिमाचल प्रदेश राज्य के कुल्लू ज़िले में स्थित मनाली शहर में आयोजित सर्वे कैंप 2026 का सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कैंप प्रभारी के रूप में अजय शर्मा तथा कैंप समन्वयक के रूप में महेन्द्र कुमार के निर्देशन में कुल 21 विद्यार्थियों ने इस कैंप में सक्रिय रूप से भाग लिया। सर्वे कैंप सिविल इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम का एक महत्वपूर्ण एवं अनिवार्य हिस्सा है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है। इस दौरान विद्यार्थियों ने चेन सर्वे, कम्पास सर्वे, लेवलिंग तथा रोड एलाइन्मेंट सर्वे जैसी विभिन्न तकनीकों का अभ्यास किया तथा वास्तविक स्थल परिस्थितियों में सर्वेक्षण कार्य को समझा।
कैंप प्रभारी अजय शर्मा ने बताया कि कैंप के माध्यम से विद्यार्थियों को भूमि मापन, स्थलाकृति का अध्ययन, नक्शा निर्माण तथा इंजीनियरिंग परियोजनाओं के लिए आवश्यक डेटा संकलन की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त हुई। यह प्रशिक्षण उन्हें भविष्य में सड़कों, भवनों, पुलों एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सक्षम बनाता है।

कैंप समन्वयक महेन्द्र कुमार ने बताया कि सिविल इंजीनियरिंग विभाग विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, आधुनिक प्रयोगशालाओं, अनुभवी संकाय एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से उद्योग के अनुरूप तैयार करता है। विभाग द्वारा आयोजित इस प्रकार के फील्ड कैंप न केवल छात्रों के कौशल को विकसित करते हैं, बल्कि उन्हें समाज एवं स्थानीय क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने का अवसर भी प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के कुलपति प्रो.(डॉ.) रणजीत सिंह, कुलसचिव प्रो.(डॉ.) महिपाल सिंह ने सर्वे कैंप 2026 के आयोजकों व सभी छात्रों को शुभकामनाएं प्रेषित की। डीन एकेडमिक प्रो.(डॉ.) तरुण कुमार शर्मा, एडमिशन इंचार्ज डॉ. अनिल रॉयल एवं प्लेसमेंट अधिकारी डॉ नवीन कुमार ने सभी विद्यार्थियों को सर्वे कैंप की सफलता पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
