‘बंगाल में बीजेपी की जीत का श्रेय….’, शुभेंदु अधिकारी की शपथ से पहले सुनेत्रा पवार का बयान
बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने पर महाराष्ट्र की डिप्टी सीएम और अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने भारतीय जनता पार्टी को बधाई दी है. उन्होंने इस जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को श्रेय देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में एनडीए आगे बढ़ रहा है. जिसे लेकर हम सभी बहुत खुश हैं और बंगाल में बीजेपी की जीत की खुशियां मना रहे हैं.
सुनेत्रा पवार ने बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने पर बधाई देते हुए कहा कि ये पहली बार है जब पश्चिम बंगाल में एनडीए की सरकार बन रही है, ये बहुत खुशी की बात है, बीजेपी की बड़े मताधिकार के साथ ये सरकार बनी है. हम भी इस त्योहार को मना रहे हैं. पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हम सब बहुत खुश हैं और खुशियां मना रहे हैं.”
आज शुभेंदु अधिकारी लेंगे सीएम पद की शपथ
पश्चिम बंगाल की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी के लिए आज का दिन ऐतिहासिक हैं. आज सुबह 11 बजे शुभेंदु अधिकारी राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. जिसके बाद राज्य में पहली बार भाजपा की सरकार बन जाएगी. बड़ी बात ये हैं कि बीजेपी राज्य में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बना रही है, जिससे पार्टी के नेता बेहद उत्साहित है.
शुक्रवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मौजूदगी में सभी विधायकों ने एकमत से शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुन लिया है. जिसके बाद आज वो मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत सभी बीजेपी और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं को न्योता दिया गया है.
बंगाल में बीजेपी की प्रचंड जीत
बता दें कि पश्चिम बंगाल 294 सीटों में से भारतीय जनता पार्टी को 207 सीटों पर जीत मिली है. जबकि तृणमूल कांग्रेस को 80 और कांग्रेस के खाते में 2 सीटें आई हैं. इस चुनाव में बीजेपी और टीएमसी के बीच मुख्य मुकाबला था, जिसमें भाजपा ने सत्ताधारी दल को बुरी तरह शिकस्त दी है.
