‘धर्म की रक्षा के लिए सुदर्शन भी आवश्यक, यह महाभारत की भूमि है’ — बिजनौर में सीएम योगी का बड़ा संदेश

‘धर्म की रक्षा के लिए सुदर्शन भी आवश्यक, यह महाभारत की भूमि है’ — बिजनौर में सीएम योगी का बड़ा संदेश

बिजनौर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान से विस्थापित 1,645 परिवारों तथा पूर्व सैनिकों और लीजधारकों को भूमिधरी अधिकार पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह महाभारत की धरती है, जहां से धर्म और न्याय का संदेश पूरे विश्व को मिला है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि महाभारत का मूल संदेश है कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। उन्होंने कहा कि धर्म की स्थापना और संरक्षण के लिए आवश्यकता पड़ने पर सुदर्शन चक्र भी उठाना पड़ता है। स्वार्थ और अधर्म के मार्ग पर चलने वालों का अंत निश्चित है।

सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 1946 से 1948 के बीच पाकिस्तान में बढ़ी मजहबी कट्टरता के कारण हजारों हिंदू और सिख परिवारों को अपनी पुश्तैनी जमीन, मकान और कारोबार छोड़कर भारत आने के लिए मजबूर होना पड़ा था। उन्होंने कहा कि दशकों तक अधिकारों से वंचित रहे इन परिवारों की चौथी पीढ़ी को अब भूमि का मालिकाना हक दिलाने का कार्य उनकी सरकार ने किया है।

मुख्यमंत्री ने गौ संरक्षण के विषय पर भी अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है और इसके सम्मान एवं संरक्षण के लिए किसी विशेष घोषणा की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में गो-हत्या के विरुद्ध सख्त कानून लागू हैं और इस तरह की गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐतिहासिक अन्यायों को दूर करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

Leave a Reply