खादी फैशन शो में रैंप वॉक कर विद्यार्थियों ने दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश
एमएफ इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने खादी परिधानों का किया प्रदर्शन, 400 से 500 लोगों ने उठाया आनंद
सहारनपुर। खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित सहारनपुर खादी महोत्सव 2026-27 में खादी फैशन शो का आयोजन किया गया। इसमें एमएफ इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रैंप वॉक कर खादी के आकर्षक परिधानों का प्रदर्शन किया और स्वदेशी अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में करीब 400 से 500 लोगों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
बेहट रोड स्थित कंपनी बाग में आयोजित खादी महोत्सव के दौरान फैशन शो का उद्देश्य युवाओं और आमजन में खादी के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वदेशी उत्पादों को अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न खादी परिधानों के माध्यम से खादी की पारंपरिक पहचान के साथ उसकी आधुनिकता और उपयोगिता को भी प्रदर्शित किया।
परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी माधवी सिंह ने प्रतिभागी छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। माधवी सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने खादी और स्वदेशी को आत्मनिर्भरता का आधार माना था। खादी के उपयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत बुनकरों और कामगारों को आर्थिक मजबूती मिलती है तथा रोजगार के अवसर बढ़ते हैं।
खादी महोत्सव में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर खादी वस्त्रों और ग्रामोद्योग से जुड़े उत्पादों की खरीदारी कर रहे हैं। इसके अलावा एलजेएन स्कूल, दिल्ली रोड और पीच ग्रो स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी प्रदर्शनी का भ्रमण किया।
