दिल्ली रोड पर निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डे का विधायक राजीव गुम्बर ने किया निरीक्षण

दिल्ली रोड पर निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डे का विधायक राजीव गुम्बर ने किया निरीक्षण

सहारनपुर। नगर विधायक राजीव गुम्बर ने दिल्ली रोड स्थित निर्माणाधीन अंतरराज्यीय बस अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिवहन विभाग और कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

विधायक राजीव गुम्बर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बस अड्डे के लिए भूमि खरीदने को बजट आवंटित किया था। भूमि क्रय होने के बाद अब यहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस अड्डे का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस अड्डे में यात्रियों के लिए वातानुकूलित और सामान्य प्रतीक्षालय, फार्मेसी, रेस्टोरेंट, पार्किंग और क्लॉक रूम जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अलावा छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं की सुविधा के लिए बेबी फीडिंग रूम भी बनाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस बस अड्डे के तैयार होने से सहारनपुर सहित पूरे जिले के यात्रियों को लाभ मिलेगा। प्रदेश सरकार की ओर से इसके निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये का बजट जारी किया जा चुका है।

इस दौरान परिवहन निगम के आरएम योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बस अड्डे का लगभग 15 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। बीच में बारिश के कारण जलभराव होने से कुछ समय तक काम प्रभावित रहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बस अड्डे का निर्माण अगले वर्ष निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट गौरव गर्ग, महानगर मीडिया प्रभारी विजय गुप्ता, एआरएम जोगेंद्र सिंह, कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर रविंद्र सिंह, अजय खटाना, राजीव शर्मा और संदीप गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply