‘परिसीमन BJP का बचने का रास्ता’, राहुल बोले- कांग्रेस ने वोट चोरी पर सरकार को फंसा दिया
नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने परिसीमन बिल को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के मुद्दे पर विपक्ष द्वारा घेरने के बाद सरकार नए रास्ते तलाश रही है। राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार महिला आरक्षण की आड़ में लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करना चाहती है, ताकि परिसीमन के जरिए देश का चुनावी नक्शा अपने हिसाब से बदला जा सके।
राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा है और अब सरकार इससे बचने के लिए नए तरीके अपना रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके सर्वे के अनुसार देश के 80 फीसदी लोग और लगभग 100 फीसदी जेन-जी मानते हैं कि चुनावों में धांधली हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में तानाशाही व्यवस्था लागू नहीं होने देगा।
उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी बड़ा खुलासा करने की बात कही। राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास ज्ञानेश कुमार से जुड़ी काफी जानकारी है, जिसे जल्द ही सार्वजनिक किया जाएगा।
850 सीटों को लेकर सरकार की मंशा पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार की योजना लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने की है। इसके लिए महिला आरक्षण को आधार बनाया जा रहा है, जबकि महिला आरक्षण कानून पहले ही पारित हो चुका है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मौजूदा सीटों पर ही महिला आरक्षण लागू किया जा सकता है, तो फिर लोकसभा की सीटें 850 करने की जरूरत क्यों है?
उन्होंने जम्मू-कश्मीर और असम का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए चुनाव क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बदली जा सकती हैं, जिससे भाजपा को राजनीतिक फायदा मिले। उनके मुताबिक इससे विपक्ष के प्रभाव वाले समुदायों का प्रतिनिधित्व भी कमजोर हो सकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि 850 सीटों का आंकड़ा केवल लोकसभा के विस्तार से जुड़ा नहीं है, बल्कि इसके जरिए देश के चुनावी नक्शे को नए सिरे से तैयार करने की कोशिश की जा सकती है। उन्होंने जेन-जी से इस आंकड़े को याद रखने की अपील करते हुए कहा कि इसका असर देश के लोकतंत्र और युवाओं के भविष्य पर पड़ेगा।
ज्ञानेश कुमार की भूमिका पर भी उठाए सवाल
राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि आयोग में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की भूमिका महत्वपूर्ण होगी और नियुक्तियों की प्रक्रिया में केंद्र सरकार का प्रभाव रहेगा।
उन्होंने कहा कि आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती देने की गुंजाइश भी सीमित होगी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग के बाद अब परिसीमन आयोग के जरिए चुनावी व्यवस्था पर नियंत्रण स्थापित करने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार ने देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर होते देखा है और अब परिसीमन के जरिए भी ऐसा ही किया जा सकता है। राहुल गांधी ने दोहराया कि कांग्रेस देश में तानाशाही व्यवस्था लागू नहीं होने देगी।
