नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर हिंदू युवती के अपहरण का आरोप, दो युवक पकड़े
नकुड़, 27 नवंबर (इंद्रेश)। रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी हिंदू युवती को कथित रूप से नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर अपहरण करने का मामला सामने आया है। परिजनों और ग्रामीणों ने फंदपुरी क्षेत्र में दोनों आरोपित युवकों को युवती के साथ पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार, युवती के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बेहट थाना क्षेत्र के दो युवकों ने उनकी बेटी को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर उस समय अपने साथ ले जाने का प्रयास किया, जब वह घर से स्कूल के लिए निकली थी। आरोप है कि दोनों युवक युवती को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान फंदपुरी क्षेत्र में कुछ युवकों ने युवती को पहचान लिया और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।
सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे। इसी बीच पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। फंदपुरी चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों युवकों और युवती को थाने पहुंचाया।
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता कुलदीप चौधरी, गोरक्षा दल के प्रदेश उपाध्यक्ष नितिन चौधरी और विश्व हिंदू परिषद के जिला महामंत्री आकाश चौधरी समेत अन्य लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि हिंदू समाज की लड़कियों को बहलाकर फंसाने और धर्म परिवर्तन कराने की साजिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
