परिसीमन विधेयक पर अवधेश प्रसाद का भाजपा पर हमला, बोले- देशहित में नहीं हैं सरकार के इरादे

परिसीमन विधेयक पर अवधेश प्रसाद का भाजपा पर हमला, बोले- देशहित में नहीं हैं सरकार के इरादे

अयोध्या। संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन विधेयक को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि परिसीमन विधेयक के पीछे भाजपा के इरादे देशहित में नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी इस विधेयक का विरोध करेगी।

समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में अवधेश प्रसाद ने कहा कि जब विधेयक संसद में पेश होगा, तब उस पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। अभी तक विधेयक का मसौदा सामने नहीं आया है, इसलिए उसके प्रावधानों पर कुछ कहना जल्दबाजी होगी। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि इस विधेयक को लाने के पीछे भाजपा की मंशा ठीक नहीं है और पार्टी इसका विरोध करेगी।

क्या है केंद्र सरकार का प्रस्ताव?

दरअसल, केंद्र सरकार के प्रस्तावित परिसीमन विधेयक में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान बताया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य सीटों की संख्या बढ़ाकर महिला आरक्षण कानून को लागू करने का रास्ता तैयार करना है। हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है।

परिसीमन का विपक्ष क्यों कर रहा विरोध?

विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार परिसीमन की प्रक्रिया का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए कर सकती है। विपक्ष को आशंका है कि सीटों की संख्या बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव से देश के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन प्रभावित हो सकता है।

INDIA गठबंधन ने भी अपनी आपत्तियों और मांगों पर सरकार से जवाब मिलने तक विधेयक का विरोध करने का रुख अपनाया है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन की प्रक्रिया को जल्दबाजी में आगे बढ़ाना उचित नहीं है। इस मुद्दे पर संसद के विशेष सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने के आसार हैं।

Leave a Reply