राज्य स्तरीय फार्मेसी समारोह में शोभित विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने रील मेकिंग में हासिल किया दूसरा स्थान
गंगोह। शोभित विश्वविद्यालय, गंगोह के आदर्श विजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय फार्मेसी समारोह में शानदार प्रदर्शन करते हुए रील मेकिंग प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है।
फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) की ओर से गाजियाबाद स्थित एचआरआईटी विश्वविद्यालय में राज्य स्तरीय विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह-2026 समारोह का आयोजन किया गया। इसमें देश के करीब 55 फार्मेसी कॉलेजों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्घाटन फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं केंद्रीय परिषद सदस्य डॉ. मोंटू पटेल ने किया।
समारोह में शोभित विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों ने पोस्टर प्रेजेंटेशन, रील मेकिंग, लीफलेट डिजाइनिंग और रैली सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। रील मेकिंग प्रतियोगिता में बीफार्मा चतुर्थ वर्ष के छात्र सूफियान, दिलनवाज, देवांश शर्मा और ऊबेदुल्ला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन हेल्थ साइंसेज प्रो. (डॉ.) रंजीत सिंह ने कोर कमेटी के सदस्य के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कार्यक्रम के आयोजन एवं समन्वय में योगदान दिया।
विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) बूटा सिंह सिद्धू और कुलसचिव प्रो. (डॉ.) महिपाल सिंह ने उन्हें बधाई दी। कुलपति ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की रचनात्मक सोच, प्रतिभा और निरंतर मेहनत का परिणाम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ नए कौशल विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करेंगे। समारोह के माध्यम से फार्मासिस्टों की स्वास्थ्य सेवाओं, रोगी सुरक्षा और जनस्वास्थ्य जागरूकता में महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
